सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। वसई पुलिस स्टेशन की अपराध प्रकटीकरण शाखा ने वसई-नालासोपारा परिसर में स्कूटी चोरी कर उन्हें स्क्रैप में बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कुल 7 मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर 82,700 रुपये का माल बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 11 जनवरी 2026 को वसई किला क्षेत्र में यात्रा के दौरान श्रीमती प्रीति गुरुगिरी (निवासी- कोळीवाडा, वसई पश्चिम) की स्कूटी चोरी हो गई थी। इस संबंध में वसई पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
कौशलपूर्ण जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति मास्क और टोपी पहनकर स्कूटी ले जाते हुए दिखाई दिया। गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान रुलामीन अहमद अली हवालदार (उम्र 39 वर्ष, वसई पश्चिम निवासी) के रूप में हुई। जांच में पता चला कि वह माणिकपुर पुलिस स्टेशन के एक अन्य मामले में ठाणे जेल में बंद था।
पुलिस ने 9 फरवरी 2026 को आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने वसई क्षेत्र में कई स्कूटी चोरी कर उन्हें स्क्रैप में बेचने की बात कबूल की। पूछताछ में सामने आया कि चोरी की स्कूटी को काटकर स्क्रैप में बदलकर दो भंगार कारोबारियों हरीसिंह केशर सिंह (40 वर्ष, विरार पूर्व निवासी) और विनोद सत्यनारायण यादव (32 वर्ष, वसई पश्चिम निवासी) को बेचा जाता था। दोनों आरोपियों को 12 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों ने वसई, नालासोपारा, माणिकपुर और आचोले पुलिस स्टेशन क्षेत्र में चोरी की वारदातें कबूल कीं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 30,000 रुपये कीमत की होंडा कंपनी की स्कूटी, 700 रुपये कीमत की ग्राइंडर मशीन (स्क्रैप के लिए प्रयुक्त), 52,000 रुपये नकद (स्क्रैप बिक्री से प्राप्त) बरामद किए। कुल 82,700 रुपये का माल जब्त किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त दत्तात्रय शिंदे, पुलिस उपायुक्त पौर्णिमा चौगुले-श्रींगी (परिमंडल-2 वसई) एवं सहायक पुलिस आयुक्त नवनाथ घोगरे के मार्गदर्शन में की गई। वसई पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बालकृष्ण घाडीगावकर और पुलिस निरीक्षक (अपराध) प्रकाश मासाळ के नेतृत्व में अपराध शाखा की टीम ने इस सफल कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में स्कूटी चोरी की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

More Stories
एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का भंडाफोड़, सरगना गिरफ्तार
मुंबई में “माय भारत बजट क्वेस्ट 2026” का भव्य समापन, युवाओं ने दिया विकसित भारत का संकल्प
महापौर की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की संयुक्त बैठक, मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा