Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

नवघर पुलिस थाना की बड़ी कामयाबी

12 घंटे में दबोचा गया बुजुर्ग महिला से चेन लूट की कोशिश करने वाला आरोपी

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
मीरा-भाईंदर। भाईंदर पूर्व इलाके में भरवस्तीत (घनी आबादी वाले क्षेत्र) में बुजुर्ग महिला से जबरन चेन छीनने की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए सीसीटीवी वीडियो के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, 13 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजे 60 वर्षीय कोकिला कुंजबिहारी पांडे, निवासी सिद्धिविनायक बिल्डिंग नंबर-02, तलाव रोड, भाईंदर पूर्व, अपने घर की पहली मंजिल पर पहुंचीं। तभी 20-25 वर्ष का एक अज्ञात युवक पीछे से आया और उनके गले से सोने की चेन झपटने की कोशिश की। झपटमारी के दौरान चेन टूटकर नीचे गिर गई। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना का वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।

इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 309(5) के तहत अपराध क्रमांक 184/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में नवघर पुलिस की अपराध प्रकटीकरण टीम ने तत्काल जांच शुरू की। कुल 23 सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। जिसके बाद आरोपी इरफान हबीब मंसूरी (उम्र 20 वर्ष) को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा का संदेश गया है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त दत्तात्रय शिंदे, पुलिस उपायुक्त राहुल चव्हाण, सहायक पुलिस आयुक्त सोहेल शेख के मार्गदर्शन में की गई। नवघर पुलिस थाना के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक चिरज कोळी एवं अपराध शाखा की टीम ने समन्वित प्रयास से आरोपी को दबोचा। मामले की आगे की जांच जारी है। घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। तेजी से हुई गिरफ्तारी ने यह साबित कर दिया कि कानून के हाथ लंबे हैं और अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।