Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

सास की हत्या कर 13 साल से फरार आरोपी चेन्नई से गिरफ्तार, MBVV क्राइम ब्रांच यूनिट-2 वसई को बड़ी सफलता

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार : मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की क्राइम ब्रांच यूनिट-2 वसई टीम ने 13 वर्षों से फरार चल रहे एक हत्या के आरोपी को तमिलनाडु के चेन्नई से गिरफ्तार कर एक पुराने चर्चित हत्या कांड का पर्दाफाश किया है। आरोपी अपनी पहचान बदलकर पिछले कई वर्षों से फरार जीवन जी रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना, तकनीकी विश्लेषण और लगातार की गई जांच के आधार पर उसे धर दबोचा।बपुलिस के अनुसार, वालीव पुलिस स्टेशन में वर्ष 2013 में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 और 326 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता साजिदा मोहम्मद कय्यूम ने अपने दामाद मोहम्मद अजमल मोहम्मद मंसूरी निवासी बिहार के विरुद्ध मामला दर्ज कराया था।

हत्या के बाद बदलता रहा ठिकाना

जांच में सामने आया कि हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने मूल गांव भी नहीं गया। वह पहले कोलकाता में अपने बहनोई के यहां 4 से 5 दिन रुका, इसके बाद तमिलनाडु चला गया, जहां लगभग 5 से 6 वर्षों तक मजदूरी करता रहा। बाद में वह पंजाब में करीब एक वर्ष तक काम करता रहा और अंततः चेन्नई में “पोफल” नाम से अपनी पहचान छिपाकर पिछले लगभग पांच वर्षों से रह रहा था।

नवजात बेटे से मिलने से रोकने पर की थी सास की हत्या

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी ने एक बेटे को जन्म दिया था। जब वह नवजात बच्चे से मिलने पहुंचा तो उसकी सास ने उसे मिलने नहीं दिया। इसी बात से नाराज होकर उसने अपनी सास की हत्या कर दी और वारदात के बाद फरार हो गया।

तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग

क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने पुराने मामले की दोबारा जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी के रिश्तेदारों, परिचितों और मूल गांव में गुप्त रूप से जानकारी जुटाई। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिले इनपुट के आधार पर आरोपी की लोकेशन तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले के मिंजूर क्षेत्र में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर 24 जून 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त संजय शिंदे, पुलिस उपायुक्त (अपराध) संदीप डोईफोडे, सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच यूनिट-2 के पुलिस निरीक्षक अविराज कुराडे एवं उनकी टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।

13 वर्षों तक कानून से बचने की कोशिश करने वाला आरोपी आखिरकार पुलिस की पकड़ में आ गया। इस कार्रवाई को मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।