Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

ऑपरेशन दहन: भदोही पुलिस ने 3.75 करोड़ रुपये का 750 किलो गांजा कराया नष्ट

सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
भदोही। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “ऑपरेशन दहन” अभियान के तहत भदोही पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 750 किलोग्राम अवैध गांजे का विधिक प्रक्रिया के तहत विनिष्टीकरण कराया। नष्ट किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 3 करोड़ 75 लाख रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के नेतृत्व में गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी (DDC) की निगरानी में संपन्न हुई। पुलिस के अनुसार, यह गांजा थाना सुरियावां में दर्ज एक मुकदमे से संबंधित था, जिसे न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में निस्तारित किया गया।

पुलिस विभाग ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों तथा प्रदेश स्तर पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन दहन” अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और विनिष्टीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में जनपद स्तर पर गठित ड्रग डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी हैं, जबकि अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल एवं क्षेत्राधिकारी लाइन बलराम समिति के सदस्य हैं।

जब्त किए गए 750 किलो गांजे को प्रयागराज जनपद के हंडिया थाना क्षेत्र स्थित धानूपुर में संचालित संगम मेडीसर्व प्राइवेट लिमिटेड के इन्सिनेटर प्लांट में निर्धारित मानकों के अनुरूप नष्ट किया गया।

भदोही पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद के विभिन्न थानों में जब्त मादक पदार्थों के सुरक्षित और पारदर्शी निस्तारण की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में अभियान लगातार जारी रहेगा।

“ऑपरेशन दहन” के तहत हुई यह कार्रवाई न केवल कानून के प्रभावी क्रियान्वयन का उदाहरण है, बल्कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर पुलिस की सख्त निगरानी और प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।