Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

शक्ति मोबाइल टीम का जागरूकता अभियान, छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षा के प्रति किया सचेत

सनसनी अबतक | मनोज दुबे
जौनपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर जौनपुर पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित “शक्ति मोबाइल टीम” ने शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया।

अभियान के दौरान छात्राओं एवं महिलाओं को वूमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी गई। टीम ने महिलाओं को उनके अधिकारों से अवगत कराते हुए सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया।

शक्ति मोबाइल टीम ने छात्राओं और महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें भरोसा दिलाया कि जौनपुर पुलिस उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए हर समय तत्पर है। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद लोगों को भी महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।

इस जागरूकता अभियान में टीम प्रभारी उपनिरीक्षक पुष्पा, हेड कांस्टेबल शिव बदन, हेड कांस्टेबल काशीनाथ यादव, कांस्टेबल मनोज यादव, महिला आरक्षी आरती पाण्डेय एवं महिला आरक्षी रोहणी राठौर शामिल रहीं।

जौनपुर पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि समाज में सुरक्षा और जागरूकता का वातावरण मजबूत हो सके।

महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर:
📞 वूमेन पावर लाइन – 1090
📞 आपातकालीन सेवा – 112
📞 महिला हेल्पलाइन – 181
📞 साइबर हेल्पलाइन – 1930