वन विभाग और सामाजिक संगठनों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, नागरिकों से एक-एक पेड़ लगाने का आह्वान
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
पालघर। छत्रपति संभाजी महाराज जयंती के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पालघर के धुकटन स्थित संरक्षित वन क्षेत्र में भव्य वृक्षारोपण एवं वृक्ष संरक्षण अभियान का आयोजन किया गया। वन विभाग, वीर धरतीपुत्र संगठन, ग्राम पंचायत धुकटन तथा पालघर कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में वनपरिक्षेत्र अधिकारी (प्रादेशिक पालघर) सुशील गंगाधर नांदवटे, पालघर कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल घरत, धुकटन की सरपंच प्रतिभा भोईर, उपसरपंच अपूर्वा अतुल घरत, वीर धरतीपुत्र संगठन के अध्यक्ष सचिन भोईर एवं प्रशांत गोवारी सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न देशी प्रजातियों के पौधे लगाकर अभियान की शुरुआत की।

इस अवसर पर वनपरिक्षेत्र अधिकारी सुशील नांदवटे ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और हरित पर्यावरण बनाने का संकल्प है। उन्होंने बढ़ते तापमान, जलवायु परिवर्तन, घटते वन क्षेत्र और जैव विविधता पर मंडरा रहे खतरे का उल्लेख करते हुए प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का आह्वान किया। उन्होंने हरित महाराष्ट्र अभियान को जनआंदोलन बनाने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को वृक्षारोपण की वैज्ञानिक पद्धति, उपयुक्त प्रजातियों का चयन, वर्षा ऋतु में पौधों की देखभाल, जल संरक्षण, मृदा संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन में वृक्षों की भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
उपवनसंरक्षक निरंजन दिवाकर ने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन का उपहार है। उन्होंने वृक्षारोपण, जल संरक्षण और जैव विविधता के संरक्षण को पर्यावरण बचाने की त्रिसूत्री बताते हुए जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
वीर धरतीपुत्र संगठन के अध्यक्ष सचिन भोईर ने कहा कि वन विभाग के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान को नागरिकों और युवाओं का उत्साहजनक समर्थन मिला है। उन्होंने भविष्य में भी वन विभाग के सहयोग से बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
अभियान की सफलता में वन विभाग के अधिकारी सुशील विसपुते, सुनील घुटे, कांबले, प्रदीप कांबडी, निखिल हमरे तथा प्रमोद घेगड गिराणे सहित सभी कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन अतुल घरत ने किया।
इस दौरान वन विभाग ने जानकारी दी कि 1 जुलाई 2026 को नवली स्थित संरक्षित वन क्षेत्र में भव्य वृक्षारोपण एवं बीज गोला (सीड बॉल) प्रक्षेपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विभाग ने विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, पर्यावरण प्रेमियों और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में सहभागी बनकर “हरित पालघर” अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

More Stories
21 साल बाद हत्या का फरार आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार, MBVV क्राइम ब्रांच यूनिट-2 वसई टीम को मिली बड़ी कामयाबी
सास की हत्या कर 13 साल से फरार आरोपी चेन्नई से गिरफ्तार, MBVV क्राइम ब्रांच यूनिट-2 वसई को बड़ी सफलता
बारिश के बाद VVCMC महापौर अजीव पाटिल का अलर्ट, स्वच्छता व स्वास्थ्य विभाग को दिए सख्त निर्देश