Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

“हिंद-दी-चादर” गुरु तेग बहादुर की 350वीं शहादत वर्षगांठ पर विस्तृत पहल

वसई-विरार शहर महानगर पालिका क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। “हिंद-दी-चादर” के रूप में विख्यात नौवें सिख गुरु गुरु तेग बहादुर की 350वीं शहीदी समागम शताब्दी वर्ष के अवसर पर वसई-विरार शहर महानगरपालिका ने शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े व्यापक जनजागरण अभियान की शुरुआत की है। शासन के निर्देशानुसार 28 फरवरी और 1 मार्च 2026 को ओवे मैदान, सेक्टर-29, खारघर, नवी मुंबई में आयोजित होने वाले भव्य “हिंद-दी-चादर” कार्यक्रम के पूर्व महानगरपालिका क्षेत्र में विविध उपक्रम चलाए जा रहे हैं।

विद्यार्थियों में जागरूकता, वाचन और निबंध स्पर्धाएं

16 फरवरी को नवघर-मानिकपुर प्रभाग समिति ‘एच’ अंतर्गत नवघर स्थित डॉ. के.बी. हेगड़ेवार सार्वजनिक वाचनालय के माध्यम से ज़िला परिषद विद्यालयों के विद्यार्थियों को गुरु तेग बहादुर के अद्वितीय शौर्य, बलिदान और नैतिक मूल्यों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर वाचन एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गुरु तेग बहादुर के प्रेरक संदेशों वाले फलक हाथों में लेकर विद्यार्थियों ने प्रभात फेरी निकालकर समाज में जागरूकता का संदेश भी दिया।

स्वच्छता अभियान से दी सेवा-श्रद्धांजलि

महानगरपालिका के घनकचरा व्यवस्थापन विभाग द्वारा विभिन्न प्रभागों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रभाग समिति ‘ई’ के यशवंत गौरव परिसर और ‘सी’ प्रभाग के जीवदानी मंदिर क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाकर पूरे परिसर को स्वच्छ किया गया। इससे पूर्व ‘जी’ प्रभाग के कामण गांव तथा 15 फरवरी को गोखीवरे गांव में भी सफाई अभियान संचालित किया गया था। इन अभियानों में स्वच्छता कर्मचारी और निरीक्षकों की सक्रिय भागीदारी रही।

39 चिकित्सा शिविर, 3053 लाभार्थियों को मिला लाभ

महानगरपालिका के वैद्यकीय स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक 39 चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जा चुका है, जिनका लाभ 3053 नागरिकों ने उठाया। यह पहल गुरु तेग बहादुर के सेवा, करुणा और मानवता के संदेश को जनकल्याण के माध्यम से साकार करने का प्रयास है।

भजन-कीर्तन से ऐतिहासिक संबंधों का स्मरण

15 फरवरी को सार्वजनिक वाचनालय विभाग द्वारा बंजारा समाज, मनवेलपाडा के सहयोग से गुरु तेग बहादुर और बंजारा समाज के ऐतिहासिक संबंधों पर आधारित भजन एवं गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वसई-विरार शहर के महापौर श्री अजीव पाटील सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और कर्मचारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय एकता और सामाजिक मूल्यों का संदेश

महानगरपालिका द्वारा संचालित इन उपक्रमों का उद्देश्य नई पीढ़ी को यह स्मरण कराना है कि गुरु तेग बहादुर ने मानवता और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा हेतु अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसे मूलभूत क्षेत्रों से जुड़े इन कार्यक्रमों के माध्यम से उनके अलौकिक कार्यों को सेवा-श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है।

महानगरपालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे 28 फरवरी और 1 मार्च 2026 को ओवे मैदान, सेक्टर-29, खारघर, नवी मुंबई में आयोजित भव्य “हिंद-दी-चादर” कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें।