Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

जौनपुर में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 1160 वाहनों का चालान, 01 वाहन सीज

सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
जौनपुर। जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराध नियंत्रण को प्रभावी करने के उद्देश्य से शुक्रवार (13 फरवरी 2026) को व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में पूरे जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों एवं संवेदनशील मार्गों पर मुस्तैदी के साथ जांच की।

अभियान के दौरान संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन तलाशी ली गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाते हुए बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी, तथा बिना वैध प्रपत्रों के वाहन चलाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की गई।

पुलिस की सख्ती का असर आंकड़ों में भी साफ दिखाई दिया। जनपद के विभिन्न थानों की टीमों द्वारा कुल 1160 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 01 वाहन को सीज कर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई गई। अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें। जनपद में पुलिस की सक्रियता से आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हुआ है।