एसीबी ने की सटीक कार्रवाई, 12 हजार की थी कुल मांग
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
छत्रपति संभाजीनगर। भ्रष्टाचार निरोधक विभाग (एसीबी) की टीम ने बुधवार (11 फरवरी 2026) को एक प्रभावी सापळा (ट्रैप) कार्रवाई करते हुए उप-निबंधक सहकारी संस्था (परसेवा) कार्यालय से जुड़े एक निजी लिपिक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने कुल 12 हजार रुपये की मांग की थी, जिसमें से 2 हजार रुपये पहले ही ऑनलाइन (फोनपे) के माध्यम से ले चुका था।
क्या है मामला?
35 वर्षीय शिकायतकर्ता ने अण्णासाहेब पाटील आर्थिक विकास महामंडल योजना के तहत व्यवसाय हेतु देवगिरी बैंक से 5 लाख रुपये का ऋण लिया था। कुछ किस्तें बकाया रहने पर बैंक ने महाराष्ट्र सहकारी संस्था अधिनियम 1960 की धारा 156 एवं नियम 86(ब) के तहत नोटिस जारी की थी। आरोप है कि नोटिस पर कोई कार्रवाई न करने, जवाब तैयार करने, बकाया किस्तों की अवधि बढ़वाने तथा भविष्य में किसी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई से बचाने के लिए मराठवाड़ा अर्बन बैंक को-ऑपरेटिव्ह असोसिएशन, पडेगांव से संबद्ध निजी लिपिक सागर कारभारी जाधव (32) ने 12 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
ऐसे बिछाया गया जाल
शिकायतकर्ता रिश्वत देने को तैयार नहीं था और उसने एसीबी कार्यालय, छत्रपति संभाजीनगर में शिकायत दर्ज कराई। 11 फरवरी 2026 को पंचों की उपस्थिति में मांग की पुष्टि की गई। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से रेलवे स्टेशन पर जाल बिछाया गया। छत्रपति संभाजीनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर तपोवन एक्सप्रेस में आरोपी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये स्वीकार किए। जैसे ही राशि ली गई, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
बरामदगी और कार्रवाई
आरोपी की तलाशी में 10 हजार रुपये की रिश्वत राशि, 1,050 रुपये निजी नकद और एक मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया गया है। घर की तलाशी की प्रक्रिया जारी है। आरोपी के खिलाफ रेलवे पुलिस स्टेशन, छत्रपति संभाजीनगर में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
इन अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक चैनसिंग गुसिंगे के नेतृत्व में की गई। सहायक सापळा अधिकारी पुलिस उपाधीक्षक संगीता पाटील रहीं, जबकि जांच पुलिस निरीक्षक संतोष तिगोटे कर रहे हैं। पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक माधुरी केदार कांगणे, अपर पुलिस अधीक्षक शशिकांत सिंगारे एवं पुलिस उपाधीक्षक राजीव तळेकर के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
एसीबी की अपील
जिले के नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी-कर्मचारी या उनके नाम पर कोई निजी व्यक्ति वैधानिक शुल्क के अतिरिक्त रिश्वत की मांग करता है, तो तत्काल शिकायत करें।
📞 टोल फ्री नंबर: 1064
📱 व्हाट्सऐप नंबर: 7720891064
📞 पुलिस अधीक्षक, एसीबी छत्रपति संभाजीनगर: 9011092777

More Stories
पेल्हार पुलिस का अपराध के खिलाफ सख्त एक्शन, गुंडागर्दी पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
वसई-विरार में बिजली संकट पर उच्चस्तरीय बैठक, समाधान के लिए ठोस कदमों के निर्देश
आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती, 6 एंबुलेंस का लोकार्पण