Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

विलंब से चल रही लोकल और मेमू ट्रेनों पर विशेष समीक्षा होगी — रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव

रेल यात्रियों को राहत दिलाने के लिए सांसद डॉ. हेमंत सवरा का रेल मंत्री से जोरदार आग्रह

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
पालघर/नई दिल्ली: पालघर लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. हेमंत विष्णु सवरा ने जिले के रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान और रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इस दौरान रेल मंत्री ने लोकल और मेमू ट्रेनों के लगातार विलंब से चलने के मुद्दे पर विशेष समीक्षा कर आवश्यक निर्देश देने का भरोसा दिलाया।

सांसद सवरा ने बताया कि पालघर और आसपास के क्षेत्रों से प्रतिदिन हजारों नौकरीपेशा लोग, छात्र और व्यापारी मुंबई की ओर यात्रा करते हैं, लेकिन ट्रेनों की देरी और सीमित ठहराव के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई अहम मांगें रेल मंत्री के समक्ष रखीं।

लोकल ट्रेनों की देरी पर रोक लगाने की मांग
डहाणू–विरार मार्ग पर चलने वाली लोकल और मेमू ट्रेनों को मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों को पास देने के लिए अक्सर 20–30 मिनट तक साइडिंग पर खड़ा किया जाता है। इससे पीक आवर में यात्रियों की भीड़ बढ़ती है और समय पर गंतव्य तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। सांसद ने लोकल ट्रेनों को प्राथमिकता देकर उनकी समयबद्धता सुनिश्चित करने की मांग की।

पहली डहाणू लोकल का समय बदले जाने का प्रस्ताव

डहाणू रोड से सुबह 4:40 बजे चलने वाली पहली लोकल क्रॉसिंग के कारण अक्सर देर से पहुंचती है, जिससे कर्मचारियों को कार्यालय पहुंचने में कठिनाई होती है। सांसद ने सुझाव दिया कि यह ट्रेन सुबह 4:00 बजे रवाना की जाए, ताकि यात्रियों को समय पर चर्चगेट पहुंचने में सुविधा मिल सके।

पालघर स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग

पश्चिम रेलवे द्वारा तकनीकी व्यवहार्यता स्वीकार किए जाने के बाद सांसद ने वांद्रे–सूरत इंटरसिटी एक्सप्रेस, वांद्रे–गाजीपुर एक्सप्रेस, वांद्रे–भावनगर एक्सप्रेस और मुंबई सेंट्रल–अहमदाबाद शताब्दी एक्सप्रेस को जल्द से जल्द पालघर स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की। उन्होंने कहा कि बढ़वण बंदरगाह और प्रस्तावित हवाई अड्डे के कारण इस क्षेत्र का महत्व तेजी से बढ़ रहा है।

डहाणू रोड स्टेशन पर सुपरफास्ट ट्रेनों का ठहराव जरूरी

प्रमुख स्टेशन होने के बावजूद कई सुपरफास्ट ट्रेनें डहाणू रोड पर नहीं रुकतीं। सांसद ने वांद्रे–भावनगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को दोनों दिशाओं में तथा देहरादून एक्सप्रेस को वापसी यात्रा में भी डहाणू रोड पर ठहराव देने की मांग उठाई।

विशेष ट्रेनों को नियमित करने का सुझाव
फिलहाल अस्थायी रूप से चल रही विशेष ट्रेनें यात्रियों के लिए जीवनरेखा साबित हो रही हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए सांसद ने इन ट्रेनों को एक नियमित दैनिक सेवा के रूप में चलाने और सामान्य किराया लागू करने का प्रस्ताव दिया, ताकि आम यात्रियों को आर्थिक राहत मिल सके।

सांसद डॉ. हेमंत सवरा ने विश्वास जताया कि रेल मंत्री इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर पालघर जिले के लाखों रेल यात्रियों को जल्द राहत प्रदान करेंगे।