बहुजन विकास आघाडी के सक्रिय कार्यकर्ता धर्मेंद्र यादव ने किया जमीनी दौरा
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार: वसई विरार शहर महानगर पालिका (VVMC) क्षेत्र को एक ऐसी जनप्रतिनिधि मिली है जो चुनाव जीतने के बाद से ही जनता के बीच अपनी अलग पहचान बनाने में जुट गई हैं। वार्ड प्रभाग क्रमांक 19 (ब) से नवनिर्वाचित बहुजन विकास आघाडी (BVA) की नगर सेविका संतूर धर्मेंद्र यादव (जाधव) ने विकास कार्यों की रफ्तार तेज करते हुए वार्ड की समस्याओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नई नगर सेविका ने पदभार संभालते ही क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी है। साफ-सफाई, जल निकासी, सड़क और बिजली जैसी आवश्यक सेवाओं को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे लोगों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान अब जल्द संभव होगा।
इसी क्रम में बहुजन विकास आघाडी के सक्रिय कार्यकर्ता और समाजसेवक धर्मेंद्र यादव ने रिचर्ड कंपाउंड जैसे पिछड़े क्षेत्र का विस्तृत दौरा किया। इस दौरान उन्होंने इलाके में व्याप्त अव्यवस्थाओं को करीब से देखा और स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी परेशानियां सुनीं। दौरे के दौरान यादव लगभग दो घंटे से अधिक समय तक क्षेत्र में पैदल घूमते रहे और अलग-अलग स्थानों पर जाकर समस्याओं का जायजा लिया।
निरीक्षण में जलभराव, गंदगी, जर्जर नालियां, टूटी सड़कें और बिजली व्यवस्था जैसी कई गंभीर समस्याएं सामने आईं, जो स्थानीय निवासियों के दैनिक जीवन को प्रभावित कर रही हैं। नागरिकों ने बताया कि बरसात के समय जलभराव की स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जिससे आवागमन बाधित होता है और स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ जाते हैं।
धर्मेंद्र यादव ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इन सभी मुद्दों को उच्च स्तर पर उठाया जाएगा। उन्होंने बताया, “हम इन समस्याओं की विस्तृत जानकारी बहुजन विकास आघाडी प्रमुख हितेंद्र ठाकुर (अप्पा) तक पहुंचाएंगे और महापौर से भी मांग करेंगे कि रिचर्ड कंपाउंड की असुविधाओं का जल्द से जल्द निपटारा किया जाए। जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।”
नगर सेविका संतूर यादव और उनकी टीम की सक्रियता से यह संकेत मिल रहा है कि वार्ड में विकास कार्यों को नई दिशा देने का प्रयास शुरू हो चुका है। अब देखना होगा कि प्रशासनिक स्तर पर कितनी तेजी से कार्रवाई होती है, लेकिन फिलहाल जनप्रतिनिधियों की पहल ने क्षेत्र की जनता में भरोसा और उम्मीद दोनों को मजबूत किया है।

More Stories
नालासोपारा में वायरल झूठा मैसेज ने मचाया बवाल, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग हुई तेज
पालघर में पीएम मोदी और सनातन विरोधी पोस्ट से भड़का बजरंग दल, आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
मानसून से पहले VVCMC अलर्ट: आयुक्त ने नाला सफाई कार्यों का किया निरीक्षण