Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

विशेष पुनरीक्षण पर प्रशासन सख्त, त्रुटिरहित मतदाता सूची बनाने की कवायद तेज

सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
जौनपुर। आयुक्त वाराणसी मंडल एवं रोल प्रेक्षक एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में गुरुवार (5 फरवरी 2026) को कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

जनपद आगमन पर आयुक्त का जिला निर्वाचन अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्रम भेंट कर स्वागत किया।

बैठक के दौरान रोल प्रेक्षक ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन हो चुका है। सूची में पाई गई त्रुटियों पर दावे और आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं, जबकि जिन मामलों की मैपिंग अभी नहीं हो पाई है, उनमें सुनवाई के लिए नोटिस जारी कर निर्धारित तिथि पर संबंधित पक्षों को बुलाया जा रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी लॉजिकल डिस्क्रिपेंसीज को दूर कर त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्राप्त दावों और आपत्तियों का सत्यापन तथा नियमानुसार जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने इस प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए राजनीतिक दलों से सहयोग की अपेक्षा की।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि जिलाधिकारी के नेतृत्व में एसआईआर के दौरान पूरा सहयोग मिला है। इस पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने आश्वस्त किया कि प्रेक्षक द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

प्रशासन की इस सक्रियता से संकेत मिल रहे हैं कि आगामी चुनावों से पहले शुद्ध और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करने की दिशा में वाराणसी जिला तेजी से आगे बढ़ रहा है।