Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

अवैध शराब तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार: 26.28 लाख रुपये का माल जब्त, आरोपी गिरफ्तार

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
पालघर। जिले के तलासरी पुलिस थाना क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 26,28,320 रुपये मूल्य का मुद्देमाल जब्त किया है। इस मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक पालघर यतिश देशमुख ने जिले में नशीले पदार्थों और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 5 फरवरी 2026 को तलासरी पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर एक टाटा टेम्पो (MH-04-JK-9302) में अवैध शराब भरकर मुंबई की ओर ले जाई जा रही है और वाहन हिमाचल-पंजाब ढाबा के पास खड़ा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन की जांच की। चालक ने अपना नाम शिवेंद्रकुमार लालबाबू ठाकुर (41) बताया, जो मुंबई के साकीनाका इलाके का निवासी है और मूल रूप से बिहार के पूर्वी चंपारण जिले का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान उसने वाहन में Cipla Health कंपनी की दवाइयां होने का दावा किया और बिल भी दिखाया, लेकिन तलाशी लेने पर गाड़ी से महाराष्ट्र में प्रतिबंधित शराब बरामद हुई।

पुलिस ने वाहन सहित 9,28,320 रुपये की अवैध शराब और अन्य सामान मिलाकर कुल 26,28,320 रुपये का मुद्देमाल जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ तलासरी पुलिस स्टेशन में गुन्हा क्रमांक 30/2026 के तहत महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम की धारा 65 (अ) और (ई) के तहत 6 फरवरी 2026 को मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक जयराम उमतोल कर रहे हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख, अपर पुलिस अधीक्षक विनायक नरळे और उप-विभागीय पुलिस अधिकारी विकास नाईक के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक अजय गोरड तथा उनकी टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।