October 10, 2026

Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

गंगा दशहरा व बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने की पीस कमेटी बैठक

“परंपरागत ढंग से मनाएं त्यौहार, नई परंपरा की शुरुआत न करें” — जिलाधिकारी

“प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी न हो, खुले में कुर्बानी पर सख्ती” — एसपी

सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी की संयुक्त अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी गंगा दशहरा एवं बकरीद त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न धर्मगुरु, संभ्रांत नागरिक और पीस कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी उपजिलाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें सुनिश्चित करें। गंगा दशहरा के अवसर पर लगने वाले मेलों और स्नान पर्व को देखते हुए नदी घाटों, बड़े तालाबों तथा मंदिर परिसरों की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विशेष रूप से सीतामढ़ी, सेमराधनाथ धाम मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों तक जाने वाले मार्गों पर सफाई एवं चूना छिड़काव सुनिश्चित कराने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्नान घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर गोताखोर, नाव, रस्सी आदि की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। वहीं बकरीद के मद्देनजर उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू न की जाए और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी दशा में न होने पाए। खुले में कुर्बानी पर भी सख्त रोक लगाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए जिलाधिकारी ने धर्मगुरुओं से लोगों को जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के बाद अवशेष खुले में न फेंके जाएं, बल्कि निर्धारित गहराई वाले गड्ढों में वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाए।

विद्युत विभाग को झुके हुए पोल एवं जर्जर तारों की मरम्मत करने तथा त्योहार के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वहीं ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने कहा कि बकरीद का त्योहार परंपरागत रूप से ही मनाया जाए तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि शरारती तत्वों को पहले से चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। नमाज स्थलों एवं मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई, जलापूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

एसपी ने कहा कि कुर्बानी केवल निर्धारित स्थलों पर ही हो तथा खुले में किसी प्रकार की कुर्बानी न की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि भीषण गर्मी में अपशिष्ट का उचित निस्तारण न होने पर फूड प्वाइजनिंग जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। शासन के निर्देशानुसार सड़क पर नमाज अदा न करने की भी अपील की गई।

बैठक में शुभम अग्रवाल ने सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को त्योहार के दौरान लगातार भ्रमणशील रहकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।