Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

भीषण गर्मी को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट

22 से 26 मई तक लू का खतरा, दोपहर में बाहर निकलने से बचने की अपील

सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
भदोही। जनपद भदोही में आगामी दिनों में भीषण गर्मी और लू को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 22 मई से 26 मई 2026 तक जिले में उष्ण लहर से भीषण उष्ण लहर चलने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष शैलेष कुमार ने गुरुवार को आमजन के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है।

जिलाधिकारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि तेज धूप और अत्यधिक गर्मी से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। बाहर जाते समय शरीर को पूरी तरह ढककर रखने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने तथा छाता, टोपी, गमछा, चश्मा और जूतों का उपयोग करने को कहा गया है।

प्रशासन ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ जैसे नींबू पानी, शिकंजी और नारियल पानी का सेवन करते रहने की सलाह दी है। यात्रा के दौरान पानी की बोतल साथ रखने और चेहरे व सिर को गीले कपड़े से ढककर रखने की भी अपील की गई है।

जिलाधिकारी ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने को कहा है। साथ ही पशुपालकों से पशुओं को छायादार स्थान पर रखने और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की अपील की गई है।

एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि धूप में खड़े वाहनों में बच्चों और पालतू जानवरों को अकेला न छोड़ें। नंगे पैर बाहर न निकलें तथा बासी और अत्यधिक प्रोटीनयुक्त भोजन से परहेज करें। इसके अलावा शराब, चाय, कॉफी और कार्बोनेटेड पेयों का अधिक सेवन न करने की सलाह दी गई है।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि हीट स्ट्रोक या किसी भी आपात स्थिति में तत्काल 108 एवं 112 हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। प्रशासन ने सभी नागरिकों से लू से बचाव संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन कर स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखने की अपील की है।