Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

पेल्हार पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई

एक हफ्ते में 7 से अधिक मामलों पर गिरी गाज

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय अंतर्गत पेल्हार पुलिस स्टेशन ने नशे के कारोबार के खिलाफ जोरदार अभियान छेड़ दिया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन कांबले के आदेशानुसार 06 मई 2026 से 12 मई 2026 तक विशेष अमली पदार्थ विरोधी अभियान चलाया गया, जिसमें गांजा और एम.डी. जैसे मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की गई।

इस अभियान के दौरान पुलिस ने 7 दिनों में 7 से अधिक गांजा विक्रेताओं और तस्करों पर कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में गांजा और एम.डी. ड्रग्स की बड़ी खेप जब्त की गई, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियान के दौरान कुल 7 गंभीर मामले दर्ज किए गए। कार्रवाई में लगभग 20.5 ग्राम एम.डी. ड्रग्स तथा 1543 ग्राम से अधिक गांजा बरामद किया गया। जब्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें पुरुष और महिला दोनों आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कठोर धाराओं में केस दर्ज किए हैं।

इतना ही नहीं, पेल्हार पुलिस ने केवल गिरफ्तारी तक खुद को सीमित नहीं रखा बल्कि प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए 12 से अधिक संदिग्ध और असामाजिक तत्वों पर भी शिकंजा कसा। पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न धाराओं के तहत नोटिस और कार्रवाई कर इलाके में अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन कांबले के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान से इलाके में नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से स्पष्ट संकेत दिया गया है कि पेल्हार पुलिस अब नशे के धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शने के मूड में नहीं है।

स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की इस मुहिम की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहनी चाहिए। पेल्हार पुलिस का यह अभियान आने वाले समय में भी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।