पालघर | कांग्रेस ने पालघर जिले में संगठन को नई धार देने और युवाओं को नेतृत्व में आगे लाने की रणनीति के तहत बड़ा फैसला लेते हुए 35 वर्षीय कैप्टन सत्यम ठाकुर को जिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। वाणगांव निवासी कैप्टन सत्यम ठाकुर की नियुक्ति को पार्टी में नई सोच, नई ऊर्जा और युवा नेतृत्व के उभार के रूप में देखा जा रहा है। इसके साथ ही वे कांग्रेस के इतिहास में सबसे युवा जिलाध्यक्षों में शामिल हो गए हैं।
युवाओं और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ रखने वाले कैप्टन सत्यम ठाकुर अब संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की तैयारी में जुट गए हैं। संगठनात्मक सक्रियता और जमीनी जुड़ाव के दम पर अपनी पहचान बनाने वाले ठाकुर से पार्टी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस एक बार फिर गांव से लेकर शहर तक अपनी राजनीतिक ताकत को मजबूती देगी। उनकी नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए नेतृत्व का आभार जताया।
नियुक्ति के बाद कैप्टन सत्यम ठाकुर ने कहा, “कांग्रेस विचारधारा को हर गांव और हर युवा तक पहुंचाना मेरी प्राथमिकता होगी। वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा को साथ लेकर संगठन को मजबूत किया जाएगा। पालघर के किसानों, मछुआरों, आदिवासी समाज और बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।”
कैप्टन ने कहा कि जिलेभर के कॉलेजों में एनएसयूआई के माध्यम से युवाओं को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
पायलट से राजनीति तक का सफर
वाणगांव निवासी कैप्टन सत्यम ठाकुर ने अमेरिका में पायलट के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी। विमानन क्षेत्र में काम करने के बाद उन्होंने सामाजिक और राजनीतिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाई और कांग्रेस से जुड़ गए। संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हुए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। अब जिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद पार्टी को उनसे नई राजनीतिक ऊर्जा और मजबूत संगठन की उम्मीद है।

More Stories
छत्रपति संभाजी महाराज जयंती पर धुकटन के संरक्षित वन क्षेत्र में हुआ भव्य वृक्षारोपण अभियान
21 साल बाद हत्या का फरार आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार, MBVV क्राइम ब्रांच यूनिट-2 वसई टीम को मिली बड़ी कामयाबी
सास की हत्या कर 13 साल से फरार आरोपी चेन्नई से गिरफ्तार, MBVV क्राइम ब्रांच यूनिट-2 वसई को बड़ी सफलता