Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

जौनपुर पुलिस का बड़ा अभियान: 63 वारंटी व 17 वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
जौनपुर। जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने तथा अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 63 वारंटी एवं 17 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद संबंधित न्यायालय भेज दिया गया।

पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान में जनपद के विभिन्न थानों की टीमों ने सक्रिय भूमिका निभाई। थाना शाहगंज, रामपुर, चंदवक, मीरगंज, मुंगराबादशाहपुर, खेतासराय, सिंगरामऊ, सिकरारा, नेवढ़िया, गौराबादशाहपुर, बक्सा, बरसठी, सुजानगंज, सरपतहां, केराकत, खुटहन, जलालपुर, जफराबाद तथा पवारा पुलिस टीमों ने अलग-अलग मामलों में वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

वहीं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के दौरान थाना लाइनबाजार पुलिस ने एससी/एसटी एक्ट एवं गैंगस्टर एक्ट से जुड़े अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। थाना मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के आरोपी को दबोचा, जबकि थाना खुटहन पुलिस ने पंचायत भवन पर कुल्हाड़ी से हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया।

थाना सिंगरामऊ पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में दो महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया। थाना तेजीबाजार पुलिस ने वर पक्ष को धमकी देने के मामले में दो अभियुक्तों को अवैध असलहा एवं कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। इसके अतिरिक्त जफराबाद, मीरगंज, महराजगंज और मछलीशहर पुलिस ने भी विभिन्न गंभीर मामलों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी की।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।