सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
जौनपुर। शासन के निर्देशानुसार “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के अंतर्गत सोमवार 11 मई 2026 को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय ज्योतिर्लिंग कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जनपद भर में व्यापक स्तर पर तैयारियां की गईं। पूर्व संध्या पर जिलाधिकारी के निर्देशन में विभिन्न शिव मंदिरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया।

नगर निकायों, ग्राम पंचायतों तथा संबंधित विभागों के समन्वय से मंदिर परिसरों की साफ-सफाई कर श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। अभियान के दौरान शिवालयों में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त किया गया। कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं ने श्रमदान कर अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।
इसी क्रम में गौरीशंकर शिव मंदिर सिंगरामऊ, मैदासपट्टी खुटहन, तहसील शाहगंज के विकास खंड सोंधी अंतर्गत शिव मंदिर सहांवे, ग्राम पंचायत सिंगरामऊ एवं चंदापुर स्थित शिव मंदिरों सहित लेदुका के शिव मंदिर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। मंदिर परिसरों को सजाने-संवारने के साथ वातावरण को भक्तिमय बनाने की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।
प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि पर्व के अवसर पर प्रमुख शिवालयों में मंत्रोच्चार, ओंकार जाप, महाआरती, रुद्राभिषेक, दीपोत्सव, सोमनाथ संकल्प संवाद, प्रवचन एवं भजन संध्या जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं विद्यालयों में रंगोली, निबंध लेखन एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन भी कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” भारतीय संस्कृति, आस्था एवं गौरव से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। जनपद मुख्यालय के साथ-साथ सभी तहसीलों एवं विकास खंडों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिवालयों में स्वच्छता, सुरक्षा एवं प्रकाश व्यवस्था की सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में सहभागिता कर भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा के इस गौरवपूर्ण आयोजन को सफल बनाने की अपील की।

More Stories
हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने किया फ्लैग मार्च
दो दिनों में पूरा किया जनगणना कार्य, प्रगणकों को मिला प्रशस्ति पत्र