बारिश से पहले बदहाल सड़कें और अधूरी नाला सफाई पर उठे सवाल
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। वसई-विरार शहर महानगरपालिका क्षेत्र में मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। एक ओर क्षेत्र में बड़े-बड़े विकास परियोजनाओं का जोर-शोर से प्रचार किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर सड़कें बदहाल और नालों की सफाई अधूरी दिखाई दे रही है। ऐसे में नागरिकों के बीच यह चिंता बढ़ती जा रही है कि बारिश शुरू होते ही हालात और बिगड़ सकते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जनता को सबसे पहले सुरक्षित और सुगम आवागमन की आवश्यकता है। यदि लोग घर से निकलकर स्टेशन तक ही सही सलामत नहीं पहुंच पाएंगे, तो फिर मेट्रो, फ्लाईओवर और अन्य बड़े प्रोजेक्ट का लाभ आखिर कैसे मिल पाएगा? क्षेत्र में भाजपा विधायकों द्वारा विकास कार्यों का लगातार प्रचार किया जा रहा है, लेकिन नागरिक मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर सवाल उठा रहे हैं।

विशेष रूप से नालासोपारा पूर्व क्षेत्र की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। यहां पाइपलाइन डालने का कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है, जिसके कारण कई सड़कों की हालत बेहद खराब हो चुकी है। जगह-जगह खुदाई और टूटी सड़कों से लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही गटर और नालों की सफाई भी अधूरी पड़ी हुई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि बारिश से पहले इन कार्यों को समय रहते पूरा नहीं किया गया, तो क्षेत्र में जलभराव, ट्रैफिक जाम और आवागमन बाधित होने जैसी गंभीर समस्याएं खड़ी हो सकती हैं। अब लोगों की निगाहें महानगरपालिका प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर टिकी हैं कि वे समय रहते इन समस्याओं का समाधान करते हैं या फिर हर साल की तरह इस बार भी जनता को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।

More Stories
नालासोपारा में वायरल झूठा मैसेज ने मचाया बवाल, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग हुई तेज
पालघर में पीएम मोदी और सनातन विरोधी पोस्ट से भड़का बजरंग दल, आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
मानसून से पहले VVCMC अलर्ट: आयुक्त ने नाला सफाई कार्यों का किया निरीक्षण