Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

मंदिर दर्शन के साथ वन संरक्षण का संदेश, पालघर दौरे पर पालकमंत्री गणेश नाईक

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
पालघर। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर मेल उस समय देखने को मिला, जब राज्य के वन मंत्री एवं पालघर जिले के पालकमंत्री गणेश नाईक ने दुर्वेश (ता. पालघर) में नव-निर्मित ‘BAPS श्री स्वामीनारायण मंदिर’ में आयोजित मूर्ति प्रतिष्ठा महोत्सव में भाग लेकर दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उनके साथ सांसद डॉ. हेमंत सवरा और पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख भी उपस्थित रहे। भव्य मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने धार्मिक उत्साह के साथ सामाजिक एकता का भी संदेश दिया।

  कार्यक्रम के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए गणेश नाईक ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने ‘BAPS श्री स्वामीनारायण संस्था’ द्वारा किए जा रहे समाजोपयोगी कार्यों की सराहना भी की। दौरे के दौरान पालकमंत्री ने जलसार स्थित वन क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यहां की समृद्ध प्राकृतिक संपदा, जैव विविधता और चल रहे संरक्षण कार्यों का जायजा लिया।

   वन विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के बीच संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जलसार वन क्षेत्र पालघर जिले का एक महत्वपूर्ण पर्यावरणीय क्षेत्र है, जहां चल रहे संरक्षण प्रयास न केवल वन संपदा को सुरक्षित रखने में सहायक हैं, बल्कि स्थानीय पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। इस दौरे के माध्यम से गणेश नाईक ने धार्मिक आस्था और पर्यावरणीय जिम्मेदारी के समन्वय का संदेश देते हुए विकास और संरक्षण दोनों को साथ लेकर चलने की आवश्यकता पर बल दिया।