Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

वसई-विरार में बिजली संकट पर उच्चस्तरीय बैठक, समाधान के लिए ठोस कदमों के निर्देश

विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने मुद्दे को प्रमुखता से उठाया

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
मुंबई/वसई-विरार। वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र में बढ़ती बिजली समस्याओं के समाधान के लिए गुरुवार को एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता महाराष्ट्र की ऊर्जा राज्यमंत्री मेघना दीपक साकोरे-बोर्डीकर ने की, जबकि वसई विधानसभा की विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

बैठक में वसई-विरार क्षेत्र में बढ़ती जनसंख्या, औद्योगिकीकरण और पुरानी बिजली व्यवस्था के कारण उत्पन्न संकट पर विस्तार से चर्चा हुई। विधायक दुबे पंडित ने बताया कि बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है, जबकि मौजूदा वितरण प्रणाली पर अत्यधिक दबाव है। पुराने ट्रांसफॉर्मर और 30-40 वर्ष पुरानी केबलों के कारण बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है।उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में 300 से अधिक तकनीकी पद रिक्त हैं, जिससे शिकायतों का समय पर समाधान नहीं हो पाता। वहीं, नए उपकेंद्रों और स्विचिंग स्टेशनों की तत्काल आवश्यकता भी बैठक में उठाई गई। इसके अलावा सूर्या धरण से जुड़े ट्रांसफॉर्मर के बार-बार खराब होने से जल आपूर्ति प्रभावित होने की समस्या भी सामने रखी गई।

सरकार के निर्देश और घोषणाएं

बैठक में ऊर्जा राज्यमंत्री ने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने और ओवरलोड ट्रांसफॉर्मरों की जानकारी एकत्र कर नए ट्रांसफॉर्मर मंजूर किए जाएंगे। पोमण स्थित 22 केवीए स्विचिंग सेंटर का कार्य दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके बाद पुरानी केबलों को बदला जाएगा। कामण और गोखिवरे (सुरक्षा सिटी) के उपकेंद्रों का कार्य तेजी से पूरा करने, अर्नाला किले पर स्थित टॉवर की मरम्मत शुरू करने और औद्योगिक क्षेत्र के लिए डीपीआर जल्द तैयार करने के निर्देश दिए गए। गोखिवरे का उपकेंद्र एक महीने के भीतर चालू करने की बात कही गई। साथ ही, सत्पाला उपकेंद्र के लिए निधि पुनर्जीवित करने, तटीय क्षेत्रों में भूमिगत केबलिंग शुरू करने और सूर्या धरण पर स्टैंडबाय ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। राज्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आरडीएसएस योजना के तहत केंद्र से मंजूरी लंबित होने के बावजूद राज्य सरकार अपने स्तर पर कार्य आगे बढ़ा रही है। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी क्षेत्रीय कार्यालयों में पर्याप्त उपकरण और सामग्री उपलब्ध रहे तथा मरम्मत के लिए उद्यमियों से सामान मांगने की शिकायतों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में ये रहे मौजूद

इस बैठक में वसई विधानसभा की भाजपा विधायक स्नेहा दुबे पंडित, नालासोपारा विधानसभा के भाजपा विधायक राजन नाईक, महावितरण के संचालक सचिन तालेवार, मुख्य अभियंता चंद्रमणी मिश्रा, अधीक्षक अभियंता संजय खंदारे, महापारेषण के संचालक (वाणिज्य) सतीश चव्हाण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।