Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का भंडाफोड़, सरगना गिरफ्तार

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
मीरा-भाईंदर। एटीएम कार्ड की अदला-बदली कर लोगों को ठगने वाली एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए काशिगांव पुलिस स्टेशन की क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नकदी, कई एटीएम कार्ड और ठगी में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, 4 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6:20 बजे सुप्रिया अजय चौहान अपनी मां के साथ मिरा रोड स्थित मंगलनगर, हटकेश इलाके के केनरा बैंक के एटीएम पर पैसे निकालने गई थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें बातचीत में उलझाकर “एटीएम से पैसे नहीं निकल रहे” का बहाना बनाया और हाथ की सफाई से उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद आरोपी ने दूसरे एटीएम से 74,500 रुपये निकालकर फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर काशिगांव पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी दीपक इंद्रभूषण उर्फ विपिन झा (34) को 12 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया। वह ठाणे जिले के डोंबिवली क्षेत्र का निवासी है, जबकि मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के घर से 50,000 रुपये नकद, विभिन्न बैंकों के 6 एटीएम कार्ड और एक हैंडबैग बरामद किया है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अपने साथी किस्मत बरकतअली शेख के साथ मिलकर एटीएम केंद्रों पर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को निशाना बनाता था। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद लंबा है। उसके खिलाफ महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, नाशिक, पालघर और रायगढ़ समेत उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में करीब 60 से अधिक ठगी के मामले दर्ज हैं। वहीं, उसके साथी पर भी 25 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने पिछले एक महीने में मुंबई और आसपास के इलाकों में 10 से 12 वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। कई जिलों की पुलिस उसे पहले से ही वांछित आरोपी के रूप में तलाश रही थी।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका:

इस कार्रवाई को पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त दत्तात्रय शिंदे, पुलिस उपायुक्त राहुल चव्हाण और सहायक पुलिस आयुक्त गणपत पिंगळे के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। टीम में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राहुलकुमार पाटिल, पुलिस निरीक्षक (गुन्हे) संजय पुजारी, पुलिस उपनिरीक्षक अभिजीत लांडे, विजय साठे तथा क्राइम ब्रांच के कर्मचारी प्रताप पाचुंदे, जयप्रकाश जावय, किरण विरकर, नामदेव देवकते, विक्रांत खंदारे, प्रविण टोंबरे, अभिषेक मडावी और रविन्द्र सोनावणे का विशेष योगदान रहा।

पुलिस की अपील:

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि एटीएम से पैसे निकालते समय सतर्क रहें, अपना कार्ड किसी अजनबी को न दें और लेनदेन के दौरान आसपास संदिग्ध लोगों पर नजर रखें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।