October 10, 2026

Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

मुंबई में “माय भारत बजट क्वेस्ट 2026” का भव्य समापन, युवाओं ने दिया विकसित भारत का संकल्प

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
मुंबई। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत ‘माय भारत’ प्लेटफॉर्म द्वारा आयोजित माय भारत बजट क्वेस्ट 2026 (मुंबई विभाग) का भव्य समापन डॉ. डी. वाय. पाटील विश्वविद्यालय में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। 12 से 13 अप्रैल 2026 तक चले इस दो दिवसीय कार्यक्रम में महाराष्ट्र, गोवा और पुडुचेरी के सैकड़ों युवा प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम ने युवाओं और शासन के बीच नीति-आधारित संवाद को मजबूत मंच प्रदान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले के आकस्मिक निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित जनों ने उनके भारतीय संगीत में योगदान को याद करते हुए दो मिनट का मौन रखा। इसके बाद स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर युवाओं को राष्ट्रनिर्माण के लिए प्रेरित किया गया।

माय भारत महाराष्ट्र एवं गोवा के राज्य संचालक अमित पुंडे ने युवाओं को प्लेटफॉर्म की भूमिका और अवसरों के बारे में मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण केंद्रीय बजट 2026 के तहत ‘विकसित कृषि’ और ‘मानव पूंजी विकास’ विषयों पर आयोजित विशेषज्ञ पैनल चर्चा रही, जिसमें विभिन्न विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए और युवाओं के साथ संवाद स्थापित किया।

जिला सूचना अधिकारी मनोज सानप ने युवाओं को जागरूक नागरिक बनने और नीति निर्माण प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया का वर्चुअल संबोधन भी हुआ। उन्होंने देश के विकास में युवाओं की भूमिका की सराहना की।

कार्यक्रम में नरेंद्र मोदी के संदेश का भी वाचन किया गया, जिसमें उन्होंने ‘पंचप्राण’ संकल्पना को दोहराते हुए युवाओं से विकसित भारत @2047 के लक्ष्य में योगदान देने का आह्वान किया।

इस आयोजन के तहत “नारी शक्ति: विकसित भारत की आवाज” विषय पर युवा संसद का आयोजन किया गया, जिसमें 350 से अधिक युवतियों ने भाग लेकर महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने के समर्थन में प्रस्ताव पारित किया। वहीं “संडे ऑन साइकिल” रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, फिटनेस और सतत जीवनशैली का संदेश दिया गया।

दो दिवसीय इस कार्यक्रम के अंतिम चरण में कुल 750 चयनित युवाओं ने भाग लिया और विशेषज्ञों के साथ संवाद कर राष्ट्रनिर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम ने युवाओं को नीति निर्माण में भागीदारी का सशक्त मंच प्रदान किया और विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा दी।