सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। वसई-विरार में आगामी मानसून को देखते हुए व्यापक तैयारियों को लेकर सोमवार (13 अप्रैल 2026) को महानगरपालिका मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर अजीव पाटील ने की, जिसमें विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में संभावित बाढ़, जलभराव, ट्रैफिक जाम और नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी विभागों ने अपनी-अपनी तैयारियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया और आने वाली चुनौतियों से भी अवगत कराया। इस दौरान विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक की शुरुआत अतिरिक्त आयुक्त संजय हेरवाडे के प्रस्तावना भाषण से हुई। इसके बाद मुख्य अग्निशमन अधिकारी रोहन मोरे ने आपदा प्रबंधन, बचाव कार्य, उपकरणों की उपलब्धता, संवेदनशील क्षेत्रों और नागरिक सुविधाओं से संबंधित विस्तृत प्रस्तुति दी।
महापौर ने निर्देश दिया कि बारिश से पहले सभी आधुनिक उपकरणों की जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही, खतरनाक पेड़ों की छंटाई, जर्जर इमारतों को खाली कराने और जरूरत पड़ने पर अस्थायी राहत शिविर तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने सिंचाई (पाटबंधारे) विभाग को निर्देशित किया कि बांधों से पानी छोड़ने की योजना पहले से बनाई जाए और इसकी सूचना महानगरपालिका को समय पर दी जाए, ताकि बाढ़ जैसी स्थिति से बचा जा सके।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों ने बताया कि हाईवे पर जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, नालों की सफाई और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी का काम जारी है। इसके अलावा राजस्व, पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, रेलवे, खारलैंड, सार्वजनिक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के अधिकारियों ने भी अपनी तैयारियों की जानकारी दी।
शहर में जलनिकासी, नालों की सफाई और रेलवे क्षेत्र में पानी जमा न हो, इसके लिए ठोस उपाय करने के निर्देश दिए गए। बैठक में फंड की कमी, स्टाफ की कमी और तकनीकी समस्याओं जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई, जिनके समाधान के लिए संयुक्त समन्वय प्रणाली विकसित करने का निर्णय लिया गया।
वसई-विरार शहर महानगरपालिका आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. (आईएएस) ने निर्देश दिया कि मानसून के दौरान सभी विभागों का 24×7 संयुक्त कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए। उन्होंने खतरनाक इमारतों को खाली कराने और पेड़ों की छंटाई जल्द पूरा करने के भी निर्देश दिए। बैठक में उपमहापौर मार्शल लोपीस, स्थायी समिति सभापति प्रवीण शेट्टी, सभागृह नेता प्रफुल्ल साने, विपक्ष नेता मनोज पाटील सहित कई नगरसेवकों ने भी सुझाव दिए।
अंत में महापौर ने कहा कि सभी कार्य तय समयसीमा में पूरे किए जाएं और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देने के लिए सभी विभाग तैयार रहें। बैठक का समापन अतिरिक्त आयुक्त दीपक सावंत ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया।

More Stories
नालासोपारा में वायरल झूठा मैसेज ने मचाया बवाल, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग हुई तेज
पालघर में पीएम मोदी और सनातन विरोधी पोस्ट से भड़का बजरंग दल, आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
मानसून से पहले VVCMC अलर्ट: आयुक्त ने नाला सफाई कार्यों का किया निरीक्षण