कई कार्यों के लिए दिए निर्देश तो वहीं गटर साफ-सफाई पर त्वरित कार्रवाई
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। वसई-विरार शहर महानगर पालिका वार्ड प्रभाग क्रमांक 19 में मूलभूत सुविधाओं को लेकर बढ़ती शिकायतों के बीच वार्ड 19 (ब) से बहुजन विकास आघाड़ी (BVA) की नगर सेविका संतूर धर्मेंद्र यादव और समाजसेवक धर्मेंद्र यादव ने सोमवार को मणिचापाडा समेत आसपास के क्षेत्रों का व्यापक दौरा कर हालात का जायजा लिया। अधिकारियों और इंजीनियरों की टीम के साथ पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने सड़कों, नालों, गटर और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गटर जाम, नालों में गंदगी और सफाई व्यवस्था की लापरवाही उजागर हुई, जिससे स्थानीय नागरिकों को लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही थी। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए नगर सेविका संतूर यादव ने मौके पर ही संबंधित विभाग को फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई और सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
खास तौर पर नालासोपारा पूर्व के गणेश नगर क्षेत्र में गटर जाम की समस्या विकराल रूप ले चुकी थी। जलभराव और बदबू से परेशान नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए टीम ने तत्काल सफाई अभियान चलवाया और अवरुद्ध गटरों को साफ कराया।
नगर सेविका संतूर यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वार्ड की जनता को बुनियादी सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। “जनता की समस्याओं का समय पर समाधान हमारी जिम्मेदारी है, और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी,” उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा।
वहीं समाजसेवक धर्मेंद्र यादव ने भी क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वे लगातार नागरिकों के संपर्क में रहकर हर समस्या का समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं। जनप्रतिनिधियों की इस सक्रियता से स्थानीय नागरिकों में संतोष का माहौल है। लोगों ने मौके पर ही गटर सफाई और त्वरित कार्रवाई के लिए नगर सेविका संतूर यादव और धर्मेंद्र यादव का आभार जताया।
गौरतलब है कि वार्ड 19 में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि उनका लक्ष्य क्षेत्र को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाना है, ताकि किसी भी नागरिक को बुनियादी समस्याओं के कारण परेशानी न उठानी पड़े।

More Stories
पेल्हार पुलिस का अपराध के खिलाफ सख्त एक्शन, गुंडागर्दी पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
वसई-विरार में बिजली संकट पर उच्चस्तरीय बैठक, समाधान के लिए ठोस कदमों के निर्देश
आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती, 6 एंबुलेंस का लोकार्पण