Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

मालजीपाड़ा खाड़ी किनारे अवैध देसी शराब भट्टियों पर छापा, लाखों का सामान नष्ट

क्राइम ब्रांच यूनिट-2 वसई की बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। नालासोपारा-वसई क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मालजीपाड़ा खाड़ी किनारे चल रही देसी शराब भट्टियों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई में करीब 4.78 लाख रुपये मूल्य का अवैध सामान जब्त कर मौके पर ही नष्ट किया गया।

जानकारी के अनुसार, नायगांव पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुंबई-अहमदाबाद महामार्ग पर वासमारे ब्रिज के पास स्थित राधाकृष्ण युदवंशी होटल के समीप मालजीपाड़ा खाड़ी किनारे कांदण वन क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण की सूचना पुलिस को गोपनीय सूत्रों से मिली थी।

सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच यूनिट-2 वसई की टीम ने 11 अप्रैल 2026 को छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके पर चल रही शराब बनाने की भट्टियों को नष्ट कर दिया और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी:

▪️समीर उर्फ सनी महेश पाटिल (मालजीपाड़ा, वसई पूर्व)

▪️अजय कुमार चौधरी (28 वर्ष)

▪️विश्राम अदालती चौधरी (45 वर्ष)

▪️रामचंद्र उर्फ दुखी अदालती चौधरी (35 वर्ष)

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी समीर पाटिल द्वारा बनाई गई झोपड़ी में अन्य आरोपी अवैध शराब निर्माण का काम कर रहे थे।

जब्त सामग्री:

7,400 लीटर वॉश (शराब बनाने का कच्चा घोल), 145 लीटर तैयार देसी शराब, शराब बनाने के उपकरण आदि पुलिस जप्त की है। कुल मिलाकर 4,78,500 रुपये का अवैध सामान जब्त किया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस मामले में नायगांव पुलिस स्टेशन में महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम 1949 की धारा 65 (बी), (सी), (डी) और (एफ) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त दत्तात्रय शिंदे, पुलिस उपायुक्त (क्राइम) संदीप डोईफोडे और सहायक पुलिस आयुक्त मदन बल्लाल के मार्गदर्शन में की गई। क्राइम ब्रांच यूनिट-2 वसई के पुलिस निरीक्षक अविराज कुराडे के नेतृत्व में उपनिरीक्षक संतोष घाडगे सहित पुलिस टीम ने इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।