Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

फर्जी पहचान, प्यार का जाल और लाखों की ठगी: पालघर में चौंकाने वाला मामला उजागर

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोशल मीडिया के जरिए ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने ऑनलाइन रिश्तों की सच्चाई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इंस्टाग्राम पर फर्जी हिंदू नाम और पहचान बनाकर एक शख्स ने 29 वर्षीय महिला को प्रेमजाल में फंसाया, शादी का झांसा दिया और उससे लाखों रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, बीड जिले के एक व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर “अजय म्हस्के” नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर महिला से संपर्क किया। बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। आरोपी ने विश्वास जीतने के लिए मंदिर में सिंदूर और कुंकू लगाकर शादी का नाटक भी रचा। इसके बाद करीब छह महीनों तक संबंध बनाए रखते हुए उसने अलग-अलग बहानों से पीड़िता से लगभग ढाई लाख रुपये वसूल लिए।

मामले ने तब गंभीर रूप लिया जब आरोपी की पत्नी ने पीड़िता को फोन कर उसके निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इन तस्वीरों को सार्वजनिक न करने के बदले दो लाख रुपये की मांग की गई, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से टूट गई।

घबराई पीड़िता ने बजरंग दल के स्थानीय पदाधिकारियों से संपर्क किया, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पालघर पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी महिला को पहले मुंबई और फिर पुणे बुलाता रहा, लेकिन पुलिस ने आखिरकार उसे दबोच लिया।

बजरंग दल के पालघर प्रमुख मुकेश दुबे ने दावा किया कि आरोपी ने इसी तरह तीन अन्य महिलाओं को भी अपना शिकार बनाया है, जबकि दो और महिलाओं को सोशल मीडिया के जरिए फंसाने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

इस मामले में आरोपी की पत्नी और खंडणी वसूलने आए उसके साथी को भी सह-आरोपी बनाने की मांग उठी है। पुलिस ने धोखाधड़ी, ब्लैकमेल, पहचान छिपाने और खंडणी मांगने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

मुकेश दुबे ने कहा कि समाज में फर्जी पहचान बनाकर महिलाओं को ठगने वाले सक्रिय हैं, ऐसे में युवतियों और महिलाओं को विशेष सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने महज तीन दिनों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।