Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

वसई-विरार में खतरे का अलर्ट: जर्जर इमारतों और दरड़-प्रवण क्षेत्रों का आयुक्त ने किया निरीक्षण, SIR अभियान की भी समीक्षा

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। वसई-विरार शहर महानगरपालिका क्षेत्र में नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. ने रविवार (12 अप्रैल 2026) को शहर के विभिन्न धोकादायक (खतरनाक) भवनों और दरड़-प्रवण इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा भी की गई।

पावसाळे (मानसून) के मद्देनज़र संभावित खतरों को देखते हुए आयुक्त ने जर्जर और अत्यंत जोखिमपूर्ण इमारतों में रह रहे लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसी इमारतों का सर्वे कर उन्हें खाली कराया जाए और रहिवाशियों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने प्रभाग समिति बी के अंतर्गत सेंट्रल पार्क स्थित प्रेरणा बिल्डिंग, प्रभाग समिति डी के पुराने कार्यालय के पास स्थित कुमार अपार्टमेंट और सोना अपार्टमेंट जैसी इमारतों का दौरा किया। यहां उन्होंने सीधे रहिवाशियों से बातचीत कर उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी।

इसके अलावा आयुक्त ने नालासोपारा पूर्व के मोरेगांव डोंगरी क्षेत्र में दरड़-प्रवण (लैंडस्लाइड संभावित) इलाकों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे क्षेत्रों में सुरक्षा दीवारें बनाई जाएं, जल निकासी की व्यवस्था बेहतर की जाए और संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। साथ ही नागरिकों से भी प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और सतर्क रहने की अपील की।

दूसरी ओर, मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से चल रहे “स्पेशल इंटेंसिव रिव्यू (SIR)” अभियान की भी आयुक्त ने समीक्षा की। उन्होंने प्रभाग समिति डी के अंतर्गत जी.डी. आइडियल स्कूल में उपस्थित बीएलओ कर्मचारियों के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और मतदाता डेटा मैपिंग कार्य को तेज और सटीक तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपने नाम का सत्यापन कराएं और बीएलओ को सही जानकारी देकर सहयोग करें, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और मजबूत बनाया जा सके।

इस निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त आयुक्त दीपक सावंत, सहायक आयुक्त अलका खैरे, महेश पाटिल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, अभियंता और कर्मचारी उपस्थित रहे।