Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

सम्पूर्ण समाधान दिवस में गूंजा जनसुनवाई का असर, 59 में से 9 मामलों का मौके पर निस्तारण

सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
भदोही। शासन की मंशा के अनुरूप जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को “सम्पूर्ण समाधान दिवस” का आयोजन किया गया, जहां अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर त्वरित निस्तारण की दिशा में कदम उठाए।

तहसील औराई में जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में जनसुनवाई हुई। इस दौरान कुल 59 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें से 9 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को 15 दिन के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अंतरविभागीय समन्वय पर जोर देते हुए प्रत्येक टीम के लिए एक जिम्मेदार अधिकारी नामित किया और निर्देश दिया कि उसी दिन स्थलीय निरीक्षण कर मामलों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। समाधान दिवस के दौरान विद्युत विभाग के 7 और जल निगम के 4 मामलों को तत्काल निपटाने के निर्देश दिए गए। वहीं, राजस्व विभाग को ग्राम समाज, तालाब और खलिहान की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान चलाने को कहा गया। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी न होकर शिकायतकर्ता की संतुष्टि के साथ होना चाहिए। अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता कैंप भी लगाए गए, जिनमें आयुष्मान गोल्डन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, मिशन शक्ति, परिवार नियोजन और बाल विकास योजनाओं की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनता को तहसील स्तर पर ही त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान मिले, जिससे उन्हें उच्च स्तर पर शिकायत करने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बहु-विभागीय मामलों में समन्वय स्थापित कर उसी दिन निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और हर शिकायत का समाधान समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से किया जाए।