सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
भदोही। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का बुधवार को भव्य शुभारम्भ किया गया। जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला ने कंपोजिट विद्यालय चितईपुर से अभियान की शुरुआत करते हुए जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को संचारी रोगों से बचाव की शपथ दिलाई और “स्वस्थ व्यवहार अपनाना है, संचारी रोगों को हराना है” का संदेश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि व्यक्तिगत व सामुदायिक स्वच्छता, जल-जमाव की रोकथाम तथा समय पर उपचार ही इन रोगों से बचाव के सबसे प्रभावी उपाय हैं। उन्होंने बुखार जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने और तत्काल सरकारी अस्पताल में जांच कराने की अपील की।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत सात प्रमुख बिंदुओं पर विशेष जोर दिया जाएगा, जिसमें समय से टीकाकरण, स्वच्छ पेयजल का उपयोग, साफ-सफाई, मच्छरजनित रोगों से बचाव, जल-जमाव रोकना, कुपोषण पर नियंत्रण तथा व्यक्तिगत स्वच्छता शामिल हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक एवं जिला मलेरिया अधिकारी के अनुसार अभियान के सफल संचालन के लिए जनपद में 1370 टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें घर-घर जाकर बुखार, आईएलआई एवं क्षय रोग के संभावित मरीजों की पहचान करेंगी, साथ ही कुपोषित बच्चों की सूची तैयार कर मच्छरों के प्रजनन स्थलों पर नियंत्रण का कार्य करेंगी।
अभियान के तहत सभी बेसिक विद्यालयों में ग्राम प्रधानों, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों की सहभागिता से जागरूकता रैलियां निकाली गईं और संगोष्ठियों का आयोजन कर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए गए। इसके अतिरिक्त पीएचसी, सीएचसी, विकास खण्ड कार्यालयों एवं नगरीय निकायों में भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि यह अभियान 01 अप्रैल से 30 अप्रैल तक जनपद की 546 ग्राम पंचायतों एवं 07 नगरीय निकायों में संचालित किया जाएगा और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
प्रदेश स्तरीय इस अभियान में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, नगर विकास, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, शिक्षा, सूचना, पशुपालन, बाल विकास एवं पुष्टाहार, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यान एवं वन विभाग सहित कुल 11 विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

More Stories
हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने किया फ्लैग मार्च
दो दिनों में पूरा किया जनगणना कार्य, प्रगणकों को मिला प्रशस्ति पत्र