Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

वसई-विरार में पथविक्रेता समिति चुनाव का मतदान संपन्न, 2501 मतदाताओं ने किया मतदान

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। वसई विरार शहर महानगरपालिका के अंतर्गत नगर पथविक्रेता समिति सदस्य चुनाव 2026 के लिए रविवार, 29 मार्च को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। यह मतदान महानगरपालिका के 9 प्रभाग समितियों के अंतर्गत स्थापित 15 मतदान केंद्रों पर सुबह 7:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित किया गया।

इस चुनाव में सर्वेक्षण के आधार पर अंतिम मतदाता सूची में शामिल कुल 15,215 फेरीवाला मतदाताओं को 8 सदस्यों के चयन हेतु मतदान का अधिकार दिया गया था। हालांकि, कुल 2,501 मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का उपयोग किया। इनमें 1,494 पुरुष और 1,007 महिला मतदाता शामिल रहे।

मतदान आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक 588 मत प्रभाग समिति ‘सी’ में पड़े, जबकि सबसे कम 14 मत प्रभाग समिति ‘जी’ में दर्ज किए गए। चुनाव में विभिन्न श्रेणियों के लिए उम्मीदवारों की स्थिति सामान्य वर्ग (पुरुष) की 2 सीटों के लिए 11 उम्मीदवार मैदान में रहे। सामान्य वर्ग (महिला आरक्षित) की 1 सीट के लिए 3 उम्मीदवार और अन्य पिछड़ा वर्ग की 1 सीट के लिए 2 उम्मीदवार रहे।

वहीं अनुसूचित जाति वर्ग के लिए केवल एक ही नामांकन प्राप्त होने के कारण उस उम्मीदवार का निर्विरोध चयन किया गया। इसके अलावा अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक तथा दिव्यांग महिला आरक्षित पदों के लिए कोई आवेदन प्राप्त न होने से इन सीटों पर चुनाव नहीं कराया गया।

मतगणना सोमवार, 30 मार्च 2026 को सुबह 10 बजे वसई-विरार शहर महानगरपालिका मुख्यालय (दूसरा मंजिल, यशवंत नगर, विरार पश्चिम) में संपन्न होगी।