Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

नालासोपारा में सनसनीखेज वारदात: बोरी में मिला सिर कटा शव, पहचान की बड़ी चुनौती

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। नालासोपारा में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब करीब सुबह 9:30 बजे पेल्हार पुलिस स्टेशन को एक संदिग्ध शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई और मौके पर तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई।

बताया जा रहा है कि मृतक के शव को बड़ी ही बेरहमी से प्लास्टिक की बोरी में भरकर प्रभात पेट्रोल पंप के सामने महामार्ग से अंदर की ओर यानि जाबर पाढ़ा जाने वाले घने पेड़ों के बीच फेंक दिया गया था, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि आरोपियों ने सबूत छुपाने की पूरी कोशिश की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मीरा-भायंदर वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की क्राइम ब्रांच यूनिट-3, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड, स्थानीय पेल्हार पुलिस स्टेशन की क्राइम डिटेक्शन शाखा, वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। सभी अधिकारी घटनास्थल पर जांच की निगरानी कर रहे हैं और इस जघन्य हत्या के हर पहलू को खंगाला जा रहा है।

इस पूरे मामले में सबसे भयावह पहलू यह है कि मृतक का सिर धड़ से अलग कर दिया गया है और सिर अभी तक बरामद नहीं हुआ है यही वजह है कि पुलिस को मृतक की पहचान करने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

हालांकि, पुलिस के हाथ एक महत्वपूर्ण सुराग लगा है मृतक के हाथ पर “अशोक सिंह” हिंदी में लिखा हुआ टैटू साथ ही दिल (❤️) का निशान रूपी टैटू बना हुआ है यह सुराग पहचान स्थापित करने में बेहद अहम साबित हो सकता है।

पुलिस इस मामले को हत्या का गंभीर केस मानकर हर एंगल से जांच कर रही है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, डॉग स्क्वॉड के जरिए संभावित रास्तों की जांच, फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में जुटी है, मृतक का सिर और आरोपी दोनों की तलाश युद्धस्तर पर जारी है।

पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील की है अगर कोई व्यक्ति “अशोक सिंह” नाम के किसी शख्स को पहचानता है या हाल ही में किसी के लापता होने की जानकारी रखता है, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या पेल्हार पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।

पुलिस हर पहलू पर काम कर रही है, और उम्मीद है कि जल्द ही इस रहस्यमयी हत्या का पर्दाफाश होगा।