Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

जौनपुर महोत्सव का भव्य आगाज़, 623 जोड़ों का सामूहिक विवाह

सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
जौनपुर। ऐतिहासिक शाही किले में तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव का भव्य शुभारंभ मंगलवार (24 मार्च 2026) को प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा की उपस्थिति में हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिससे पूरा वातावरण सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रंग में रंग गया। महोत्सव के पहले दिन मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 623 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिनमें 11 मुस्लिम जोड़े भी शामिल रहे।

सभी धर्मों की परंपराओं का सम्मान करते हुए हिंदू रीति से विवाह और मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया। इस अवसर पर मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि यह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग देने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। प्रत्येक जोड़े को 1 लाख रुपये की सहायता दी जाती है, जिससे परिवारों पर आर्थिक बोझ कम हो सके। कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, विधायक डॉ. आर.के. पटेल, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशू और नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या सहित कई जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश सिंह ने बताया कि 24 से 26 मार्च तक चलने वाले इस महोत्सव में सांस्कृतिक, सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जनपद की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। महोत्सव में स्थानीय कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया, जिससे पहला दिन खासा आकर्षण का केंद्र बना।