सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
भदोही। जनपद में चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं को लेकर जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को विभिन्न स्थलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने क्रिटिकल गैप योजना के तहत हो रहे चारदीवारी (बाउंड्री) निर्माण का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के आवास के पास स्थित भूमि को समतल कर साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित परिसर विकसित करने के निर्देश दिए।
चकबंदी कार्यालय के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने कार्यालय व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने न्यायालय कक्ष को व्यवस्थित ढंग से विकसित करने, अधिकारियों-कर्मचारियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, केबिन, अलमारी, कुर्सियां और प्रकाश व्यवस्था को उपयोगी एवं सुचारु बनाने के निर्देश दिए।
इसके बाद डीएम ने ज्ञानपुर स्थित निर्माणाधीन गेस्ट हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित करते हुए कहा कि फॉल सीलिंग और फिनिशिंग कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ तेजी से पूर्ण किए जाएं, ताकि गेस्ट हाउस को जल्द हैंडओवर किया जा सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही, कोताही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुंवर वीरेंद्र मौर्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

More Stories
हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने किया फ्लैग मार्च
दो दिनों में पूरा किया जनगणना कार्य, प्रगणकों को मिला प्रशस्ति पत्र