सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
जौनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार (23 मार्च 2026) को आयोजित प्रेसवार्ता में उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चंद्र यादव ने जौनपुर महोत्सव-2026 की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश सिंह भी उपस्थित रहे।

मंत्री ने बताया कि विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी जौनपुर महोत्सव का आयोजन 24 से 26 मार्च 2026 तक शाही किला परिसर में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस महोत्सव के प्रथम दिन 24 मार्च को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें पात्र लाभार्थी जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 25 एवं 26 मार्च को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। इसमें स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ कवि सम्मेलन, सांस्कृतिक संध्या, शिव तांडव, मां काली नाटक, राम दरबार (अयोध्या) विग्रह दर्शन, पाई डंडा नृत्य तथा राजस्थान के कलाकारों द्वारा भगवान विष्णु के दशावतार की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र होगी। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
मंत्री ने जानकारी दी कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के सुचारु संचालन हेतु परियोजना निदेशक, जिला ग्राम विकास अभिकरण को नोडल अधिकारी बनाया गया है। कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी नगर मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी सदर को सौंपी गई है, जबकि लाभार्थी जोड़ों के बायोमेट्रिक सत्यापन के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी को नामित किया गया है।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश सिंह ने बताया कि महोत्सव को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है।
अंत में मंत्री ने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि वे महोत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि अधिक से अधिक लोग कार्यक्रम में पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें और सामूहिक विवाह जैसे जनकल्याणकारी आयोजन का लाभ उठा सकें।

More Stories
100 क्षय रोगियों को मिली पोषण पोटली, डीएम ने किया वितरण
होमगार्ड भर्ती परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक, 19 केंद्रों पर कड़ी निगरानी
वाराणसी जोन पुलिस की डिजिटल पहल