सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
पालघर। पालघर जिले के तारापुर एमआईडीसी स्थित आरती फार्मालैब्स लिमिटेड (प्लॉट नंबर D-18, बोईसर) में रविवार (22 मार्च 2026) की दोपहर को एक किरकोळ (हल्की) रासायनिक घटना सामने आई, जिससे फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, कंपनी प्रबंधन और सुरक्षा टीम की तत्परता से स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में ले लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:45 बजे डिस्पैच विभाग में Di-Methyl Sulphate (DMS) रसायन को टैंकर में भरने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान टैंकर की वेंट लाइन से ओवरफ्लो होकर थोड़ी मात्रा में रसायन जमीन पर फैल गया। मौके पर मौजूद ऑपरेटर ने तुरंत फिलिंग वाल्व बंद कर रिसाव पर काबू पा लिया।
घटना के तुरंत बाद सुरक्षा टीम ने सक्रियता दिखाते हुए सभी कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सांडे हुए रसायन को लाइम और सोडा ऐश के जरिए निष्क्रिय किया गया, जो करीब दोपहर 2:30 बजे तक पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया।
हालांकि, रसायन से निकली वाष्प (फ्यूम्स) के संपर्क में आने से कुछ कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों को आंखों में जलन और असहजता की शिकायत हुई। प्रारंभिक रूप से सभी को फैक्ट्री परिसर में ही निगरानी में रखा गया, लेकिन शाम करीब 7 बजे कुछ कर्मचारियों की परेशानी जारी रहने पर एहतियातन उन्हें लाइफलाइन मल्टीस्पेशालिटी हॉस्पिटल, बोईसर में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों के मुताबिक, सभी 22 कर्मचारियों की हालत स्थिर है और किसी की जान को कोई खतरा नहीं है। सभी को मुख्य रूप से आंखों में हल्की जलन की शिकायत पाई गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आसपास के इलाके में किसी प्रकार का खतरा नहीं है। घटना की विस्तृत जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा की जा रही है।

More Stories
पेल्हार पुलिस का अपराध के खिलाफ सख्त एक्शन, गुंडागर्दी पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
वसई-विरार में बिजली संकट पर उच्चस्तरीय बैठक, समाधान के लिए ठोस कदमों के निर्देश
आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती, 6 एंबुलेंस का लोकार्पण