सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। महाराष्ट्र विधानसभा के बजट सत्र में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विधायक विलास तरे ने सदन में सीडी पेश कर वसई-विरार इलाके में खुलेआम चल रही अंमली पदार्थों की बिक्री का सनसनीखेज खुलासा किया। उन्होंने सीधे तौर पर स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
विधायक तरे ने तारांकित प्रश्न के जरिए मुद्दा उठाते हुए कहा कि वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ड्रग्स का कारोबार चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि अब तक 30 स्थानों पर छापेमारी हुई है, जबकि पेल्हार पुलिस स्टेशन क्षेत्र में ही 11 करोड़ रुपये के अंमली पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं। तरे ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस को शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई, लेकिन जब उन्होंने सीधे मंत्री को पत्र लिखा, तब मुंबई पुलिस की टीम ने छापेमारी की। उन्होंने सदन में पेश सीडी का हवाला देते हुए कहा कि पिछले 2-3 दिनों से उसी इलाके में फिर से खुलेआम ड्रग्स की बिक्री हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या संबंधित पुलिस निरीक्षक (PI) पर कार्रवाई होगी? साथ ही यह भी आरोप लगाया कि पान-टपरी और छोटे दुकानों से हफ्ता लेकर उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है—क्या इसकी भी जांच होगी?
फडणवीस का सख्त रुख
मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच और कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि यदि विधायक द्वारा दी गई जानकारी सही पाई जाती है और पहले कार्रवाई में लापरवाही हुई है, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी—चाहे उनका पद कोई भी हो। फडणवीस ने यह भी स्पष्ट किया कि सीडी के माध्यम से मिली नई जानकारी की तत्काल जांच कराई जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
सदन में गूंजा मुद्दा, बढ़ी सियासी गर्मी
इस खुलासे के बाद विधानसभा में माहौल गरमा गया है। विपक्ष ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, वहीं सरकार ने सख्त कार्रवाई का भरोसा देकर स्थिति संभालने की कोशिश की है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि जांच में क्या सामने आता है और दोषियों पर कितनी सख्ती से कार्रवाई होती है।

More Stories
पेल्हार पुलिस का अपराध के खिलाफ सख्त एक्शन, गुंडागर्दी पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
वसई-विरार में बिजली संकट पर उच्चस्तरीय बैठक, समाधान के लिए ठोस कदमों के निर्देश
आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती, 6 एंबुलेंस का लोकार्पण