Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

मुंबई–दरभंगा और हावड़ा के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने की मांग

पालघर सांसद डॉ. हेमंत सवरा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की मुलाकात

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
पालघर/नई दिल्ली। पालघर लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. हेमंत विष्णु सवरा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर जिले और आसपास के क्षेत्रों के रेल यात्रियों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। इस संबंध में सांसद ने रेल मंत्री को तीन अलग-अलग पत्र सौंपते हुए नई ट्रेनों की शुरुआत और कुछ प्रमुख ट्रेनों को डहाणू रोड स्टेशन पर ठहराव देने का आग्रह किया।

सांसद सवरा ने मुंबई (पश्चिम रेलवे) से वसई रोड, पालघर, वापी, वलसाड और नंदुरबार मार्गे हावड़ा तक नई लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने की मांग की। उन्होंने बताया कि भाईंदर, वसई रोड, पालघर, बोईसर से वलसाड तक के क्षेत्र में रहने वाले बड़ी संख्या में यात्री मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल की यात्रा करते हैं। वर्तमान में उन्हें लंबी दूरी की ट्रेन पकड़ने के लिए मुंबई के प्रमुख स्टेशनों तक जाना पड़ता है, जिससे विशेषकर बुजुर्गों और परिवारों को काफी परेशानी होती है।

इसके अलावा सांसद ने मुंबई–वसई–पालघर से बिहार के दरभंगा के बीच कम से कम दो नई ट्रेनों की शुरुआत की मांग की। उन्होंने कहा कि मुंबई महानगर क्षेत्र, खासकर वसई और पालघर से बिहार के दरभंगा तथा आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी अधिक है, जबकि मौजूदा ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है। नई ट्रेनें शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

सांसद सवरा ने डहाणू रोड रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की भी मांग की। उन्होंने बताया कि डहाणू रोड स्टेशन डहाणू, वाणगांव, बोईसर, बोर्डी, घोलवड, उंबरगांव, तलासरी, जव्हार और विक्रमगड जैसे क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण है। साथ ही डहाणू से करीब 13 किलोमीटर दूर प्रस्तावित वधवन बंदरगाह के कारण भविष्य में यहां यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने निम्न ट्रेनों को डहाणू रोड स्टेशन पर ठहराव देने का आग्रह किया—

22943/22944 दौंड–इंदौर एक्सप्रेस (वसई रोड मार्ग)

12471/12472 वांद्रे टर्मिनस–जम्मू तवी स्वराज एक्सप्रेस (बोरिवली मार्ग)

12479/12480 वांद्रे टर्मिनस–जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (बोरिवली मार्ग)

सांसद डॉ. हेमंत सवरा ने रेल मंत्री से इन सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जनहित में आवश्यक कार्रवाई करने और संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने का अनुरोध किया है।