अंतरराज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम में किया प्रतिनिधित्व
वसई-विरार। पालघर जिले के वसई तालुका की निवासी सेलिना डी’सूजा ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम में महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व कर जिले का गौरव बढ़ाया है। यह कार्यक्रम मेरा युवा भारत (MY Bharat) के तहत भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा झारखंड के जमशेदपुर में आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए युवाओं ने भाग लिया, जहां उन्हें आपसी संवाद, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का अवसर मिला। सेलिना डी’सूजा ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों, नेतृत्व सत्रों और युवा सहभागिता कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेकर महाराष्ट्र की संस्कृति और युवाशक्ति का प्रभावशाली प्रतिनिधित्व किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य देश के युवाओं के बीच आपसी समझ, सहयोग और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है। इस मंच पर युवाओं को भारत की विविध संस्कृति को करीब से जानने और विभिन्न राज्यों के युवाओं के साथ अनुभव साझा करने का अवसर मिला।
सेलिना की इस उपलब्धि को लेकर वसई तालुका और पालघर जिले में गर्व का माहौल है। उनकी भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि पालघर जिले के युवा भी राष्ट्रीय स्तर के मंचों पर अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का परचम लहरा रहे हैं।

More Stories
नालासोपारा में वायरल झूठा मैसेज ने मचाया बवाल, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग हुई तेज
पालघर में पीएम मोदी और सनातन विरोधी पोस्ट से भड़का बजरंग दल, आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
मानसून से पहले VVCMC अलर्ट: आयुक्त ने नाला सफाई कार्यों का किया निरीक्षण