वसई-विरार। वसई-विरार शहर महानगरपालिका ने शहर में यातायात और आम नागरिकों की आवाजाही में बाधा बन रहे अवैध फेरीवालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। आयुक्त मनोजकुमार सूर्यवंशी (आईएएस) के निर्देश और अतिरिक्त आयुक्त दीपक सावंत के मार्गदर्शन में शुक्रवार (6 मार्च 2026) को भी नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी टीम ने विभिन्न इलाकों में व्यापक कार्रवाई की।

‘जी’ प्रभाग में जेसीबी से तोड़ी गई अवैध टपरियां
प्रभाग समिति ‘जी’ वालीव के अंतर्गत प्रभाग सहायक आयुक्त निलेश म्हात्रे के नेतृत्व में अतिक्रमण विभाग ने भोईदापाडा नाका, फादरवाडी नाका और मुख्य सड़क क्षेत्र में अवैध रूप से लगाए गए फेरीवालों पर कार्रवाई की। जेसीबी की मदद से अवैध ढांचों को हटाया गया। इस कार्रवाई में 35 टपरी, 24 पत्रा शेड और 15 बांस शेड को पूरी तरह हटाया गया।
‘बी’ प्रभाग में भी बड़ी कार्रवाई
प्रभाग समिति ‘बी’ क्षेत्र में राधाकृष्ण होटल परिसर, नागिनदास पाडा, मोरेगांव, मनवेलपाडा तालाब और कारगिल नगर के आसपास मुख्य सड़कों पर अवैध रूप से लगे स्टॉल और टपरियों को तोड़ा गया। प्रभाग सहायक आयुक्त अलका खैरे के नेतृत्व में अतिक्रमण विभाग ने कार्रवाई करते हुए 52 टपरी, 12 हाथगाड़ी और 8 शेड को हटाकर पूरा क्षेत्र अतिक्रमणमुक्त किया।
वसई स्टेशन और आनंद नगर मार्केट में भी अभियान
प्रभाग समिति ‘एच’ नवघर-माणिकपुर क्षेत्र के वसई पश्चिम, वसई स्टेशन और आनंद नगर मार्केट इलाके में भी अवैध फेरीवालों पर कार्रवाई की गई। प्रभाग सहायक आयुक्त हरेश्वर पाटील के नेतृत्व में अतिक्रमण विभाग ने 8 टपरी, 3 हाथगाड़ी को हटाकर सड़क और आसपास का क्षेत्र खाली कराया।
नगर निगम की सख्त चेतावनी
महानगरपालिका आयुक्त मनोजकुमार सूर्यवंशी ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात और आम जनता की आवाजाही में बाधा बनने वाले फेरीवालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने फेरीवालों से अपील की कि सार्वजनिक सड़क, फुटपाथ और अन्य स्थानों पर अतिक्रमण कर बाधा न पैदा करें, अन्यथा नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
नालासोपारा में वायरल झूठा मैसेज ने मचाया बवाल, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग हुई तेज
पालघर में पीएम मोदी और सनातन विरोधी पोस्ट से भड़का बजरंग दल, आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
मानसून से पहले VVCMC अलर्ट: आयुक्त ने नाला सफाई कार्यों का किया निरीक्षण