Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

मीरा रोड में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़: महिला एजेंट गिरफ्तार, तीन युवतियां रेस्क्यू

मीरा-भाईंदर। मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत नयानगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में एक महिला एजेंट को गिरफ्तार किया गया है, जबकि देह व्यापार के दलदल में फंसी तीन पीड़ित युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई मीरा रोड ईस्ट स्थित ओम शांति चौक, शांति पार्क के पास बालाजी होटल के नजदीक की गई। सूचना मिली थी कि एक महिला एजेंट ग्राहकों को युवतियों की तस्वीरें भेजकर देह व्यापार के लिए उनकी सप्लाई कर रही है। सूचना की पुष्टि के बाद महिला अत्याचार प्रतिबंधक/विशेष बालक संरक्षण एवं देखरेख कक्ष की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शीतल मुंढे के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच टीम ने जाल बिछाया। पुलिस ने एक बोगस ग्राहक भेजकर आरोपी को मौके पर बुलाया और छापा मारकर उसे हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन पीड़ित युवतियों को भी रेस्क्यू किया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला ग्राहकों को मोबाइल के माध्यम से युवतियों की तस्वीरें भेजकर देह व्यापार का नेटवर्क चला रही थी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार में आरोपी के और कितने साथी शामिल हैं तथा कहीं यह गिरोह किसी बड़े ऑनलाइन सेक्स रैकेट से तो जुड़ा नहीं है। गिरफ्तार महिला एजेंट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा पीटा एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं रेस्क्यू की गई तीनों युवतियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर महिला सुधार गृह भेजने की कार्रवाई की जा रही है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्तालय के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में क्राइम ब्रांच के डीसीपी संदीप डोईफोडे और एसीपी मदन बल्लाल के मार्गदर्शन में की गई। टीम में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शीतल मुंढे, पीएसआई प्रकाश तुपलोंडे, एएसआई राजाराम आसवाले, हेड कॉन्स्टेबल चेतन राजपूत, महिला पुलिस हेड कॉन्स्टेबल निशिगंधा मांजरेकर, शीतल जाधव और पुलिस कॉन्स्टेबल ललित पाटील सहित क्राइम ब्रांच के अन्य अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस कार्रवाई से इलाके में चल रहे अवैध देह व्यापार के नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है।