Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

वार्ड प्रभाग 19 में विकास और सुरक्षा पर फोकस: BVA नगर सेविका संतूर धर्मेंद्र यादव की पहल से बढ़ी उम्मीदें

वसई-विरार : वसई विरार शहर महानगरपालिका में कुल 115 नगरसेवक हैं, जिनमें बहुजन विकास आघाड़ी के पास 71 नगरसेवक हैं, जबकि महायुति (भाजपा + शिवसेना) के पास 43 नगरसेवक हैं। इस राजनीतिक समीकरण के बीच वार्ड प्रभाग क्रमांक 19-ब की बहुजन विकास आघाडी की नगर सेविका संतूर धर्मेंद्र यादव अपनी अलग पहचान बनाने में जुटी हुई हैं। नगरसेवक पद संभालने के बाद से उन्होंने क्षेत्र के विकास और नागरिकों की मूलभूत समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए लगातार सक्रियता दिखाई है।

पिछले एक महीने के भीतर संतूर धर्मेंद्र यादव ने अपने प्रभाग की समस्याओं को लेकर वसई-विरार शहर महानगरपालिका के विभिन्न स्तरों पर लगातार पत्राचार किया है। क्षेत्र में सड़क, नाला, गटर, गटर के ढक्कन, बिजली के पोल, साफ-सफाई और जल आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए उन्होंने प्रभाग कार्यालय से लेकर महानगरपालिका मुख्यालय तक अपनी आवाज बुलंद की है।

सूत्रों के अनुसार नगर सेविका द्वारा महापौर, आयुक्त तथा सहायक आयुक्त तक लगातार पत्र देकर इन समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की गई है। यदि इन प्रस्तावों पर अमल होता है तो वार्ड प्रभाग 19 की दशा और दिशा दोनों बदल सकती हैं और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकती हैं।

इसी के साथ क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए संतूर धर्मेंद्र यादव ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शुक्रवार (6 मार्च 2026) को उन्होंने वसई विरार शहर महानगरपालिका की प्रभाग समिति (एफ) कार्यालय में एक विस्तृत पत्र देकर वार्ड प्रभाग क्रमांक 19 के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है।

इस संबंध में समाजसेवक धर्मेंद्र यादव ने बताया कि वार्ड प्रभाग क्रमांक 19, जो कि पेल्हार पुलिस स्टेशन की सीमा में आता है, वहां हाल के समय में अपराध की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों, मुख्य सड़कों और संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने से अपराधियों पर नजर रखने में पुलिस और प्रशासन को काफी मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि यह कदम क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।

धर्मेंद्र यादव ने यह भी बताया कि इस मांग को लेकर जल्द ही महानगरपालिका आयुक्त और महापौर को भी औपचारिक ज्ञापन सौंपा जाएगा, ताकि इस प्रस्ताव को जल्द से जल्द मंजूरी मिल सके और क्षेत्र में सुरक्षा का मजबूत तंत्र तैयार हो सके।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि नगर सेविका द्वारा उठाए गए विकास और सुरक्षा से जुड़े इन मुद्दों पर प्रशासन गंभीरता से काम करता है, तो वार्ड 19 में आधारभूत सुविधाओं के साथ-साथ कानून व्यवस्था भी मजबूत हो सकती है।

अब देखने वाली बात यह होगी कि वसई-विरार शहर महानगरपालिका प्रशासन नगर सेविका संतूर धर्मेंद्र यादव की इन मांगों पर कितनी जल्दी अमल करता है और क्षेत्र की जनता को राहत कब तक मिलती है।