पालकमंत्री गणेश नाईक बोले – “पालघर जिला अब दुनिया से जुड़ेगा”
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
पालघर। शिरगांव की मनमोहक समुद्री तटरेखा पर आयोजित ‘ग्लोबल कोकण महोत्सव’ और पालघर मिनी सरस प्रदर्शनी का उद्घाटन गुरुवार (19 फरवरी 2026) को वनमंत्री एवं पालघर के पालकमंत्री गणेश नाईक के हाथों उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। 22 फरवरी तक चलने वाले इस महोत्सव में कोकण की संस्कृति, पर्यटन और स्थानीय उद्यमिता का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।

कार्यक्रम में विधायक राजेंद्र गावित, वसई-विरार महानगरपालिका के प्रथम महापौर राजीव पाटील, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे, पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही पालघर के भूमिपुत्र एवं राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी शार्दूल ठाकुर, आयुष म्हात्रे, ‘राजा रयतेचा महानाट्य’ के निर्देशक हेमंत पाटील तथा प्रसिद्ध सिने कलाकार अरुण नलावडे, विजय पाटकर, समीर धर्माधिकारी और स्मिता शेवाळे भी मौजूद रहे।

तटीय विकास के लिए व्यापक योजना
पालकमंत्री गणेश नाईक ने कहा कि शिरगांव, केळवा, सातपाटी, माहीम, चिंचणी, बोर्डी, नांदगांव, वाढराई, एडवन, उसरणी, अर्नाला और वसई जैसे तटीय क्षेत्रों का पर्यटन की दृष्टि से समग्र विकास किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटकों की सुरक्षा, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि प्राकृतिक सौंदर्य को संरक्षित रखते हुए पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।
वाढवण बंदर से बदलेगी तस्वीर
नाईक ने कहा कि बढ़वण में प्रस्तावित बंदरगाह एशिया के महत्वपूर्ण बंदरगाहों में शामिल होगा। इसके साथ ही बुलेट ट्रेन, समृद्धि महामार्ग, बड़ौदा–मुंबई मार्ग और विरार–अलिबाग कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं से पालघर जिले में आधारभूत ढांचे का जाल बिछेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय किसानों और युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
‘हरित पालघर’ का संकल्प
राज्य में 300 करोड़ वृक्षारोपण के लक्ष्य के तहत पालघर जिले में 12 करोड़ पौधे लगाने की योजना घोषित की गई। वनाग्नि पर नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीक, हेलीकॉप्टर, एआई और ड्रोन का उपयोग किया जाएगा। वन्यजीव हमलों को रोकने के लिए भी उन्नत उपाय किए जाएंगे।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बाजार
महिला बचत समूहों के माध्यम से ‘कोकण सरस’ को बढ़ावा देते हुए स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने का संकल्प व्यक्त किया गया। साथ ही भविष्य में गुजरात तक यात्री जल परिवहन सेवा शुरू करने की योजना भी सामने रखी गई। पालकमंत्री ने विश्वास जताया कि “धन की कमी विकास में बाधा नहीं बनेगी। पालघर का सर्वांगीण विकास हर हाल में जारी रहेगा।”
कोकण की सांस्कृतिक धरोहर को आधुनिक विकास से जोड़ने वाला यह महोत्सव पालघर जिले के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

More Stories
एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का भंडाफोड़, सरगना गिरफ्तार
मुंबई में “माय भारत बजट क्वेस्ट 2026” का भव्य समापन, युवाओं ने दिया विकसित भारत का संकल्प
महापौर की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की संयुक्त बैठक, मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा