महापौर को सौंपा विस्तृत निवेदन पत्र, त्वरित कार्यवाही की मांग
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। वसई विरार शहर महानगर पालिका के वार्ड प्रभाग क्रमांक 18 में मूलभूत सुविधाओं को लेकर बढ़ती जनसमस्याओं पर नगरसेविका हेमलता सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने महापौर को एक विस्तृत निवेदन पत्र सौंपते हुए क्षेत्र की समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित विभागों को निर्देश जारी करने की मांग की है।
नगरसेविका ने कहा कि प्रभाग 18 में नागरिकों को रोजमर्रा की आवश्यक सेवाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है, जिससे जनता में असंतोष बढ़ रहा है।
फेरीवालों पर बढ़ा आर्थिक बोझ
प्रभाग में फेरीवालों से लिया जाने वाला पावती शुल्क ₹40 से बढ़ाकर ₹90 प्रतिदिन कर दिया गया है। नगरसेविका ने इसे अत्यधिक और अनुचित बताते हुए कहा कि इससे छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी पर असर पड़ रहा है। उन्होंने शुल्क को पूर्व दर पर लाने की मांग की है।
अवैध नल कनेक्शन और जल संकट
क्षेत्र में अवैध नल कनेक्शन की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। इससे पानी की चोरी हो रही है और आम नागरिकों को कम प्रेशर व जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। नगरसेविका ने दोषी व्यक्तियों और संबंधित अधिकारियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बंद स्ट्रीट लाइट और सुरक्षा चिंता
कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लंबे समय से बंद पड़ी हैं। दिवाबत्ती विभाग द्वारा स्टाफ की कमी का हवाला दिया जा रहा है, लेकिन अंधेरे के कारण दुर्घटना और अपराध की आशंका बढ़ रही है। जहां आवश्यकता हो वहां नए लाइट पोल लगाने की भी मांग की गई है।
गटर, नाले और स्वच्छता की बदहाल स्थिति
प्रभाग की सड़कों और गलियों में गटर का पानी बह रहा है। कई चेंबर टूटे हुए हैं और नाले-गटर ब्लॉक हो चुके हैं। इससे दुर्गंध और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। जेटिंग मशीन से सफाई कर व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई है।
कचरा प्रबंधन में सुधार की जरूरत
संकरी गलियों और छोटे चालों में बड़ी कचरा गाड़ी नहीं पहुंच पाती, जिससे कचरा जमा हो जाता है। नगरसेविका ने ऐसे क्षेत्रों में छोटी कचरा गाड़ी की नियमित व्यवस्था करने की मांग की है।
अवैध गतिविधियों पर सख्ती
प्रभाग में अवैध शराब, गांजा, नशीले पदार्थ और प्रतिबंधित गुटखा-पान मसाला बिक्री की शिकायतों को गंभीर बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
सार्वजनिक सुविधाओं की कमी
बाजार परिसर, बस स्टॉप और मुख्य मार्गों पर पब्लिक बेंच नहीं होने से विशेषकर ज्येष्ठ नागरिकों, महिलाओं और मरीजों को परेशानी होती है। नगरसेविका ने प्रमुख स्थानों पर बेंच लगाने की मांग रखी है।

More Stories
एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का भंडाफोड़, सरगना गिरफ्तार
मुंबई में “माय भारत बजट क्वेस्ट 2026” का भव्य समापन, युवाओं ने दिया विकसित भारत का संकल्प
महापौर की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की संयुक्त बैठक, मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा