Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

कांग्रेस भवन में घुसकर प्रदर्शन का आरोप, कार्रवाई न हुई तो आंदोलन की चेतावनी

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई। वसई में राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पदाधिकारियों पर कांग्रेस भवन में कथित रूप से अवैध तरीके से प्रवेश कर प्रदर्शन करने का आरोप लगा। इस घटना को लेकर वसई विरार शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे “कायरतापूर्ण कृत्य” करार दिया है।

कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस सुरक्षा की मौजूदगी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में घुसकर प्रदर्शन किया, जो लोकतांत्रिक मर्यादाओं और राजनीतिक शिष्टाचार का खुला उल्लंघन है। इस मामले में जिला कांग्रेस कमेटी ने 15 फरवरी 2026 को वसई पुलिस थाने में लिखित निवेदन देकर निष्पक्ष जांच और संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

जिला कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि किसी राजनीतिक दल को विरोध दर्ज कराना है तो उसके लिए लोकतांत्रिक और वैधानिक तरीके मौजूद हैं, लेकिन किसी अन्य दल के कार्यालय में घुसकर प्रदर्शन करना अस्वीकार्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कृत्य जानबूझकर तनाव का माहौल बनाने के उद्देश्य से किया गया।

कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र और उचित कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी की ओर से पुलिस उपायुक्त (DCP) कार्यालय के समक्ष जोरदार आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान जिला कांग्रेस के पदाधिकारी संजय मीणा, समीर वर्तक, प्रकाश पाटिल और रतन तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है। राजनीतिक हलकों में इस घटना को लेकर चर्चा तेज है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी तापमान और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।