सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने शुक्रवार (13 फरवरी 2026) को पुलिस कार्यालय स्थित जनसुनवाई कक्ष का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, शिकायतों के निस्तारण की प्रगति और आगंतुकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का गहन अवलोकन किया।
एसएसपी ने जनसुनवाई रजिस्टर की जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में होना चाहिए। लंबित प्रार्थना पत्रों की समीक्षा कर प्रभारियों को शीघ्र कार्रवाई पूर्ण करने के आदेश भी दिए गए।
कुँवर अनुपम सिंह ने जनसुनवाई को पुलिस और जनता के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कक्ष में स्वच्छता, बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता और शिकायतकर्ताओं के साथ विनम्र व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही शिकायतों के ऑनलाइन पंजीकरण और मॉनिटरिंग प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता, जनशिकायत शाखा प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

More Stories
100 क्षय रोगियों को मिली पोषण पोटली, डीएम ने किया वितरण
होमगार्ड भर्ती परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक, 19 केंद्रों पर कड़ी निगरानी
वाराणसी जोन पुलिस की डिजिटल पहल