सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
जौनपुर। जनपद में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में जिलेभर में गुरुवार (12 फरवरी 2026) को विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिससे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों में हड़कंप मच गया।

पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील मार्गों पर मोर्चा संभालते हुए वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की। अभियान का मुख्य लक्ष्य अपराध पर अंकुश लगाना, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना और जनपद में शांति बनाए रखना रहा।

चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट, सीट बेल्ट के बिना वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने और वैध दस्तावेजों के अभाव में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस की सख्ती का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पूरे अभियान में कुल 792 वाहनों का चालान कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि यातायात नियमों की अनदेखी अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही जौनपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और सुरक्षित व व्यवस्थित शहर बनाने में पुलिस का सहयोग करें।

More Stories
100 क्षय रोगियों को मिली पोषण पोटली, डीएम ने किया वितरण
होमगार्ड भर्ती परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक, 19 केंद्रों पर कड़ी निगरानी
वाराणसी जोन पुलिस की डिजिटल पहल