गोरखपुर। गंगोत्री देवी महिला महाविद्यालय, गोरखपुर में त्रिदिवसीय “युवा महोत्सव–2026” का शुभारम्भ गुरुवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। प्रथम दिवस पर निबंध लेखन, क्विज एवं “कुकिंग विदाउट फायर” प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मकता और बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में छात्राओं ने सामाजिक एवं समकालीन विषयों पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. दिव्या शुक्ला तथा बीआरडी पीजी कॉलेज, देवरिया (बरहज) के समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. अरविन्द पांडेय ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए लेखन को विचार अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम बताया।
क्विज प्रतियोगिता में छात्राओं की सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता और त्वरित निर्णय कौशल की परीक्षा हुई। मुख्य अतिथि इंजीनियर रमन पांडेय एवं डॉ. कनक मिश्रा ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के ज्ञान-विस्तार और आत्मविश्वास में वृद्धि करती हैं।
“कुकिंग विदाउट फायर” प्रतियोगिता कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही, जिसमें छात्राओं ने बिना आग के विविध पौष्टिक एवं आकर्षक व्यंजन तैयार कर अपने जीवनोपयोगी कौशल का प्रदर्शन किया।
इसी अवसर पर नर्सिंग महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रकाश सिंह चौधरी के नेतृत्व में छात्राओं द्वारा एक स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जहां स्वास्थ्य परीक्षण और प्राथमिक परामर्श प्रदान किया गया।

More Stories
100 क्षय रोगियों को मिली पोषण पोटली, डीएम ने किया वितरण
होमगार्ड भर्ती परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक, 19 केंद्रों पर कड़ी निगरानी
वाराणसी जोन पुलिस की डिजिटल पहल