Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

केळवा रोड पर हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

इंस्ट्रूमेंट पैनल पर ‘वॉर्निंग लाइट’ जलते ही लिया त्वरित फैसला; सभी यात्री सुरक्षित

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
पालघर। सफाला पुलिस थाना क्षेत्र के मौजे केळवा रोड स्थित रावळेपाड़ा में विद्यावैभव स्कूल के मैदान पर एक निजी हेलिकॉप्टर की आपातकालीन लेकिन सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इंस्ट्रूमेंट पैनल पर अचानक ‘वॉर्निंग लाइट’ जलने के बाद पायलट ने तुरंत निर्णय लेते हुए हेलिकॉप्टर नीचे उतार दिया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार, युनाटेड हेलीचार्टर प्राइवेट लिमिटेड का हेलिकॉप्टर जुहू (मुंबई) से सूरत (गुजरात) की ओर प्रशिक्षण उड़ान पर निकला था। बुधवार को दोपहर करीब 12:05 बजे केळवा रोड क्षेत्र के ऊपर उड़ान के दौरान इंस्ट्रूमेंट पैनल में तकनीकी गड़बड़ी का संकेत देने वाली लाइट दिखाई दी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पायलट कैप्टन देवाशीष होता ने रावळेपाड़ा स्थित स्कूल मैदान में तत्काल सुरक्षित लैंडिंग कराई।

हेलिकॉप्टर में कैप्टन देवाशीष होता, चेक पायलट कैप्टन आर. एस. यादव, मेंटेनेंस इंस्पेक्टर सत्यनारायण शर्मा और अविनाश वरुण सवार थे। लैंडिंग के बाद पायलट और तकनीकी टीम ने तुरंत जांच की। प्रारंभिक जांच में कोई गंभीर खराबी नहीं मिलने पर कंपनी के जुहू स्थित मुख्य कार्यालय से संपर्क किया गया।

पूरी जांच के बाद हेलिकॉप्टर ने दोपहर 2:35 बजे दोबारा उड़ान भरी। एहतियात के तौर पर इसे सूरत ले जाने के बजाय वापस जुहू, मुंबई भेजा गया, जहां यह 2:55 बजे सुरक्षित पहुंच गया।

हेलिकॉप्टर का विवरण:

▪️कंपनी: युनाटेड हेलीचार्टर प्राइवेट लिमिटेड, जुहू, मुंबई
▪️एयरक्राफ्ट सीरियल नंबर: VP-UHE
▪️अधिकतम टेकऑफ वजन (MTOW): 2250 किलोग्राम
▪️पता: हैंगर नं. C, जुहू सिविल एयरोड्रोम, एयरपोर्ट एरिया, विलेपार्ले (पश्चिम), मुंबई – 400056

यह घटना पायलट की सतर्कता और त्वरित निर्णय क्षमता का उदाहरण मानी जा रही है, जिसने समय रहते कार्रवाई कर सभी की जान सुरक्षित रखी।